Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: पासबुक ने दिया धोखा, रिटायर्ड प्रोफेसर के खाते से उड़े 6.85 लाख

5 दिनों में जालसाजों ने निकाले रुपए, जांच जारी

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी। साइबर जालसाजों ने सेवानिवृत्त प्रोफेसर को ऐसा चूना लगाया कि उन्हें कई दिन तक भनक तक नहीं लगी। बैंक की पासबुक में पूरी कटौती दिखी ही नहीं और बैंक ने भी कोई सूचना नहीं दी। इसी का फायदा उठाकर जालसाज 13 से 17 अक्टूबर के बीच उनके खाते से कुल 6,85,530.88 रुपये निकाल ले गए।

Ad

पीड़ित डॉ. महेन्द्र नाथ सिंह उदय प्रताप डिग्री कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं। उनका बचत खाता इंडियन बैंक की यूपी कॉलेज कैम्पस शाखा में है। 14 अक्टूबर को वह पासबुक प्रिंट कराने बैंक गए। पासबुक में 13 अक्टूबर को सिर्फ 20,815 रुपये की एक कटौती दिखी और शेष धनराशि 9,60,000 रुपये दर्शाई गई।

जबकि हकीकत यह थी कि उसी दिन 13 अक्टूबर को 6 बार में 50,000, 50,000, 99,998, 99,995, 52,872 और 20,815 रुपये, कुल 3,73,680 रुपये जालसाज निकाल चुके थे। इसकी पुष्टि साइबर थाना शिवपुर ने भी की है।

प्रोफेसर का आरोप है कि पासबुक में पूरी निकासी न दिखने और बैंक की ओर से कोई सूचना न मिलने के कारण उन्हें ठगी की जानकारी नहीं हो सकी। अगर 13 अक्टूबर को हुई पूरी निकासी पासबुक में दिख जाती तो वह 13 अक्टूबर के बाद निकाले गए 3,11,850.88 रुपये बचा लेते।

इस मामले में पीड़ित ने ऑनलाइन साइबर शिकायत भी दर्ज कराई थी। अब साइबर क्राइम थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी निरीक्षक ओम प्रकाश सरोज को सौंपी गई है।