Varanasi News: रिंग सेरेमनी में लगी थी गोली, 11 दिन बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में युवक की मौत
26 जुलाई को गिलट बाजार के लॉन में सगाई के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में 22 वर्षीय सौरभ सेठ को लगी थी गोली, मौत के बाद हरकत में आई पुलिस
वाराणसी / भदैनी मिरर: वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित गिलट बाजार के विश्वनाथ लॉन में गत 26 जुलाई को रिंग सेरेमनी (सगाई) समारोह के दौरान चली गोली से गंभीर रूप से घायल युवक की गुरुवार को मौत हो गई। बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर में 11 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद 22 वर्षीय सौरभ सेठ ने सुबह दम तोड़ दिया।


हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के इतने दिनों बाद भी स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं थी। युवक की मौत के बाद जब लंका पुलिस ने शिवपुर पुलिस को सूचित किया, तब जाकर पुलिस महकमे में हलचल मची।
26 जुलाई की रात लगी थी पेट में गोली
मूल रूप से लोहता थाना क्षेत्र के कोरौता गांव निवासी और वर्तमान में भोजूबीर में किराये पर रहने वाले पवन सेठ का 22 वर्षीय पुत्र सौरभ सेठ 26 जुलाई की रात करीब 12 बजे विश्वनाथ लॉन में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसके पेट के बाएं हिस्से में गोली लग गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घटना के तुरंत बाद परिजनों और दोस्तों ने मामले को छिपाते हुए उसे मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे उसने अंतिम सांस ली।
परिजनों पर मामला छिपाने का आरोप, 3 हिरासत में
शिवपुर पुलिस के अनुसार घटना के वक्त परिजनों या लॉन प्रबंधन की ओर से स्थानीय थाने में कोई सूचना या तहरीर नहीं दी गई थी। युवक की मौत के बाद जब लंका थाना पुलिस ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से मिली जानकारी के आधार पर शिवपुर पुलिस को अवगत कराया, तब मामला सामने आया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के पिता पवन सेठ ने गिलट बाजार निवासी एक युवक पर अपने बेटे को गोली मारने का गंभीर आरोप लगाया है।
मुख्य आरोपी की तलाश, तहरीर का इंतजार
मामला संज्ञान में आते ही शिवपुर पुलिस हरकत में आई और लॉन संचालक रामायण मौर्य, कर्मचारी शिवम तथा सौरभ सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को पहले नहीं दी गई थी, युवक की मौत के बाद सूचना मिली है। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
