Varanasi News: वाराणसी में दिनदहाड़े टप्पेबाजी, कार में बैठी महिला को झांसा देकर 5 लाख रुपये से भरा बैग उड़ाया
लंका थाना क्षेत्र के नरिया में हुई वारदात; जमीन की रजिस्ट्री कराकर लौट रहे थे पीड़ित, मिठाई की दुकान पर रुकते ही बदमाश ने दिया घटना को अंजाम।
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत नरिया इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े टप्पेबाजी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। जमीन की रजिस्ट्री कराकर लौट रहे पीड़ितों की कार से अज्ञात उचक्के ने महिला को बातों के जाल में उलझाया और गाड़ी में रखे 5 लाख रुपये नकद से भरा बैग लेकर चंपत हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।


जमीन की रजिस्ट्री कराकर लौट रहे थे पीड़ित
जानकारी के अनुसार, नोएडा (सेक्टर 45, गौतमबुद्ध नगर) निवासी घनश्याम तिवारी वाराणसी कचहरी में जमीन की रजिस्ट्री कराने आए थे। रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करने के बाद वे कार से सामनेघाट की ओर लौट रहे थे।
नरिया पहुंचने पर घनश्याम तिवारी 'बनारस स्वीट हाउस' के पास मिठाई खरीदने के लिए कार से उतरे, जबकि उनकी रिश्तेदार महिला गाड़ी के अंदर ही बैठी रही।

शातिर तरीके से दिया वारदात को अंजाम
इसी दौरान एक अज्ञात बदमाश कार के पास पहुंचा और उसने शीशा खटखटाकर महिला से कहा कि दुकान पर गए उनके रिश्तेदार उन्हें अंदर बुला रहे हैं। महिला बदमाश के झांसे में आ गई और कार को बिना लॉक किए ही दुकान की तरफ चली गई।
इसी मौके का फायदा उठाकर शातिर टप्पेबाज ने तुरंत कार का दरवाजा खोला और अंदर रखे दो बैग उठाकर रफूचक्कर हो गया। इन बैगों में 5 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। जब महिला और घनश्याम तिवारी वापस कार के पास पहुंचे, तो बैग गायब देख उनके होश उड़ गए।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पीड़ित घनश्याम तिवारी की तहरीर पर लंका थाना पुलिस ने देर रात प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
