आपसी कहासुनी के बाद खूनी खेल: देवर ने भाभी के ऊपर कुल्हाड़ी से किया वार, मासूम के सिर से उठा मां का साया
आरोपी को पुलिस ने किया अरेस्ट, मिर्जामुराद के लच्छापुर में पसरा मातम
वाराणसी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव में शनिवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मामूली विवाद के बाद एक कलयुगी देवर ने अपनी सगी भाभी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।


कहासुनी के बाद दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, लच्छापुर निवासी पूनम पटेल (30 वर्ष) का शुक्रवार रात अपने देवर अजीत पटेल के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रात में मामला शांत हो गया, लेकिन शनिवार सुबह आरोपी अजीत गुस्से में बेकाबू हो गया और घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पूनम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के समय महिला द्वार पर गेहूं को फैला रही थी।

हमला इतना क्रूर था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इतना ही नहीं घटना के बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर घटनास्थल पर बैठा रहा और खुद फोन कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना भी दी।
रेलवे कर्मी की पत्नी थी मृतका
मृतका पूनम पटेल के पति सुजीत कुमार पटेल रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं। घटना के वक्त वह ड्यूटी पर थे इस घटना से घर में कोहराम मच गया। मृतका का एक 6 वर्षीय बेटा ‘हर्ष’ है, वह घटना के समय स्कूल था जिसके सिर से मां का साया उठ गया। मासूम की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार और एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव समेत स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वही फॉरेंसिक टीम भी घटना स्थल को सीज कर साक्ष्य संकलन किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ग्रामीणों और परिजनों की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी देवर अजीत पटेल को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
गांव में पसरा मातम
इस निर्मम हत्या के बाद लच्छापुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई इस क्रूर घटना से स्तब्ध है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया घटना का कारण स्पष्ट नहीं है मामले में मृतका के पति के तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
