वाराणसी: ब्लैकमेलिंग और 56 लाख की ठगी ने ली विवाहिता की जान, मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार
निवेश के नाम पर 56 लाख हड़पे, फिर अश्लील वीडियो बनाकर शुरू की ब्लैकमेलिंग।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी अंतर्गत कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया इलाके में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ निवेश के नाम पर लाखों की ठगी और फिर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक विवाहिता ने मौत को गले लगा लिया। इस सनसनीखेज मामले में कैंट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सूरज कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


निवेश के जाल में फंसाकर ठगे 56 लाख रुपये
मृतका नूतन यादव की बहन नीलम यादव ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनकी बहन को फोरेक्स, क्रिप्टोकरेंसी और रियल एस्टेट में पैसा दोगुना करने का लालच दिया था। मुख्य आरोपी सूरज कुमार (बेतिया, बिहार), सतीश भारती, ममता जायसवाल, विष्णु जायसवाल और दीपक जायसवाल ने शुरुआत में छोटे मुनाफे का झांसा देकर विश्वास जीता और फिर नूतन व उनके परिचितों से करीब 56 लाख रुपये निवेश करवा लिए।

वीडियो वायरल करने की धमकी और 11 लाख की रंगदारी
जब नूतन ने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों ने असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने धोखे से नूतन का एक आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने 11 लाख रुपये की और मांग की। लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से नूतन गहरे अवसाद में चली गईं।

बच्चों के स्कूल जाते ही लगा ली फांसी
मानसिक उत्पीड़न की हद पार होने पर 9 अप्रैल 2026 को नूतन यादव ने उस समय आत्महत्या कर ली जब उनके दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में कैंट पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, लेकिन बाद में पुलिस उपायुक्त (DCP) के हस्तक्षेप के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार
कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र और उपनिरीक्षक शांतनु मिश्रा की टीम ने मंगलवार को मुख्य आरोपी सूरज कुमार (32), निवासी बेतिया (बिहार) को फुलवरिया के डीएम कंपाउंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक अन्य आरोपी विष्णु जायसवाल पहले ही जेल जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
