वाराणसी: दाखिल-खारिज के नाम पर 1 लाख की रिश्वत लेते लेखपाल का निजी मुंशी रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई
यूपी कॉलेज गेट के पास इंडियन बैंक के समीप एंटी करप्शन टीम ने की घेराबंदी, आरोपी मुंशी से रिश्वत की रकम बरामद; फरार लेखपाल की तलाश जारी
वाराणसी, भदैनी मिरर। पुश्तैनी जमीन के दाखिल-खारिज के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन वाराणसी मंडल की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक निजी मुंशी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक कुमार (पुत्र मोहन लाल), निवासी डीएलडब्ल्यू रोड, शिवदासपुर (थाना मंडुवाडीह, वाराणसी) के रूप में हुई है। आरोपी क्षेत्रीय लेखपाल कुन्दन सिंह का निजी मुंशी बताया जा रहा है।

21 सितंबर को एंटी करप्शन में दर्ज हुई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, शिवपुर थाना क्षेत्र के जैपार (उन्दी) निवासी कमल कान्त विक्रम (पुत्र ओमप्रकाश सिंह) ने 21 सितंबर 2026 को एंटी करप्शन वाराणसी मंडल कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पिता ओमप्रकाश सिंह ने अपनी पुश्तैनी जमीन के विक्रय से संबंधित दाखिल-खारिज के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस मामले में अनुकूल रिपोर्ट लगाने के एवज में क्षेत्रीय लेखपाल कुन्दन सिंह द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

कॉल रिकॉर्डिंग से खुला राज, बैंक के पास से गिरफ्तारी
शिकायत के बाद 22 सितंबर को शिकायतकर्ता और लेखपाल के बीच फोन पर बातचीत हुई। आरोप है कि लेखपाल ने अपने निजी मुंशी अशोक का नंबर शिकायतकर्ता को दिया और उससे मिलने के लिए कहा। इसके बाद मुंशी अशोक ने फोन कर शिकायतकर्ता को यूपी कॉलेज गेट के अंदर स्थित इंडियन बैंक के पास बुलाया।

तय योजना के मुताबिक, वहां अशोक ने दाखिल-खारिज की रिपोर्ट के एवज में जैसे ही एक लाख रुपये की रिश्वत ली, मौके पर पहले से तैनात एंटी करप्शन टीम ने दोपहर करीब 1:41 बजे उसे रंगे हाथ धर दबोचा। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली।
मोबाइल में मिली रिश्वत के लेन-देन की रिकॉर्डिंग
पूछताछ के दौरान मुंशी अशोक ने बताया कि लेखपाल कुन्दन सिंह ने ही उसे पूरा मामला समझाकर रिश्वत की रकम लेने भेजा था। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से अशोक और लेखपाल कुन्दन सिंह के बीच रिश्वत के लेन-देन से संबंधित बातचीत की रिकॉर्डिंग भी बरामद हुई है, जिसे एंटी करप्शन टीम साक्ष्य के तौर पर शामिल कर रही है।
कैंट थाने में मामला दर्ज, फरार लेखपाल की तलाश तेज
मामले में वांछित लेखपाल कुन्दन सिंह (जो वर्तमान में तहसील सदर के सीरगोवर्धनपुर क्षेत्र में तैनात है) की गिरफ्तारी के लिए एंटी करप्शन टीम ने तहसील सदर सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कैंट (कमिशनरेट वाराणसी) में सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
