वाराणसी : शिवपुर में क्वींस कॉलेज के शिक्षक के बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी पार
परमानंदपुर के सरस्वती नगर की घटना; परिवार गया था दूसरे आवास, चोरों ने 25 हजार नकद सहित सोने-चांदी के गहने उड़ाए
डिजिटल डेस्क, वाराणसी/शिवपुर। वाराणसी में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर (सरस्वती नगर) इलाके का है, जहां क्वींस कॉलेज के एक सहायक अध्यापक के बंद मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर घर के अंदर से 25 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवर चुरा ले गए। घटना की सूचना मिलने पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिथिलेश कुमार पांडेय वाराणसी के प्रतिष्ठित क्वींस कॉलेज में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं और परमानंदपुर के सरस्वती नगर स्थित मकान संख्या SH.4/22-C-M में अपने परिवार के साथ रहते हैं।
शिक्षक मिथिलेश कुमार पांडेय ने शिवपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह 10 नवंबर 2026 की दोपहर को ताला बंद करके सपरिवार अपने दूसरे आवास पर गए हुए थे। इसके बाद जब 13 नवंबर की शाम करीब 6 बजे उनका परिवार वापस अपने घर लौटा, तो उनके होश उड़ गए। मुख्य गेट के ताले तो सुरक्षित लगे हुए थे, लेकिन अंदर के सभी कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ
पीड़ित शिक्षक के अनुसार, चोर उनके घर से 25,000 रुपये नकद, सोने की चेन (लगभग 12 ग्राम), 2 सोने के सिक्के (प्रत्येक 10-10 ग्राम), 7 चांदी के सिक्के (प्रत्येक 10-10 ग्राम), 3 सोने की नाक की कील (कुल 1 ग्राम), 3 सोने की नथुनी (प्रत्येक 1 ग्राम) और 2 जोड़ी चांदी की पायल (कुल 60 ग्राम) उठा ले गए है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीम
घटना की जानकारी मिलते ही शिवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित शिक्षक की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गनीमत यह रही कि आसपास लगे कुछ कैमरों में संदिग्ध गतिविधियां और चोरों की आवाजाही कैद हो गई है। पुलिस अब इन्हीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने का प्रयास कर रही है।
