Varanasi: सरकारी नौकरी के लालच में कलयुगी पोती ने पार की हदें, पति संग मिलकर सगी दादी को दिया जहर
वाराणसी के लोहता में दिल दहला देने वाली वारदात; अनुकंपा पर मिली चपरासी की नौकरी हथियाने के लिए रची थी साजिश, आरोपी पोती और दामाद गिरफ्तार।
वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ लोहता थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पोती ने सरकारी नौकरी पाने के अंधाधुंध लालच में अपनी ही सगी दादी को जहर देकर मौत के घाट उतारने की कोशिश की। गनीमत रही कि समय रहते वृद्ध महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उनकी जान बच सकी। पीड़िता की शिकायत पर लोहता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पोती और उसके पति को गिरफ्तार कर रविवार को सलाखों के पीछे भेज दिया है।


अनुकंपा पर मिली नौकरी पर गड़ गई थी नजर
मिली जानकारी के अनुसार, लोहता के गोपालपुर निवासी 56 वर्षीय पान पत्ती देवी चांदपुर स्थित अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (IRRI) में चपरासी के पद पर तैनात हैं। दरअसल, पहले उनके पति सुमिरथ इस पद पर कार्यरत थे, जिनका सेवाकाल के दौरान ही निधन हो गया था। इसके बाद पान पत्ती देवी को अनुकंपा के आधार पर यह सरकारी नौकरी मिली थी।

पान पत्ती देवी की इसी सरकारी नौकरी पर उनकी शादीशुदा पोती रवीना की नीयत खराब हो गई। रवीना अपने पति मोनू के साथ मलदहिया इलाके में रहती थी, लेकिन सरकारी नौकरी हथियाने के लालच में उसने अपने पति के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रच डाली।
खाने में जहर मिलाकर भागे आरोपी
साजिश के तहत बीती 19 जून को रवीना और उसका पति मोनू गोपालपुर स्थित मायके पहुंचे। दोनों ने मौका पाकर पान पत्ती देवी के खाने-पीने की सामग्री में चुपके से जहरीला पदार्थ मिला दिया। जहर मिला खाना खाते ही जब वृद्ध महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और वे तड़पने लगीं, तो दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। इसके बाद आनन-फानन में परिजनों ने पान पत्ती देवी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने उनकी जान बचाई।

लोहता थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि अस्पताल से पूरी तरह ठीक होने के बाद पीड़िता पान पत्ती देवी ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल जहरखुरानी और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
लोहता पुलिस ने घेराबंदी कर दंपती को भेजा जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने फौरन जाल बिछाया और आरोपी पोती रवीना व उसके पति मोनू को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय के साथ उप निरीक्षक कौशल कुमार सिंह, महिला सब-इंस्पेक्टर विजेता कुमारी और हेड कांस्टेबल सुरेंद्र यादव मुख्य रूप से शामिल रहे।
