वाराणसी: पत्नी के मायके से न लौटने पर पति ने उठाया खौफनाक कदम, फंदे से लटककर दी जान
मंडुवाडीह के हसनपुर पुल के पास की घटना; एक साल से मायके में रह रही थी पत्नी, मानसिक तनाव में था 36 वर्षीय किशन सोनकर
भदैनी मिरर (वाराणसी डेस्क): वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित हसनपुर पुल के नीचे एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ पत्नी के मायके से वापस न लौटने के कारण मानसिक तनाव से जूझ रहे 36 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक साल से मायके में रह रही थी पत्नी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के हसनपुर पुल के पास रहने वाले किशन सोनकर (36 वर्ष) की शादी राजातालाब क्षेत्र में हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं। मृतक के पिता जीउत सोनकर ने बताया कि किशन की पत्नी पिछले एक साल से अपने मायके में ही रह रही थी। पत्नी के वापस न आने के कारण किशन पिछले काफी समय से गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में चल रहा था।
सोमवार सुबह घर के अंदर मिला शव
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात से ही किशन काफी तनाव में था। इसके बाद सोमवार की सुबह करीब 10 बजे जब परिवार के लोगों ने उसे देखा, तो वह घर के अंदर फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने आनन-फानन में शव को नीचे उतारा और तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक अपनी पत्नी के वियोग और पारिवारिक कलह के चलते मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
