Varanasi: यूपी कॉलेज गेट के पास से हाईस्कूल टॉपर छात्रा का अपहरण, 12 घंटे बाद पुलिस ने दर्ज की FIR
शिवपुर में ऑटो सवार युवकों ने सहेली के सामने ही छात्रा को जबरन खींचा
वाराणसी। वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले यूपी कॉलेज (UP College) गेट के पास गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्कूल जा रही कक्षा 12वीं की एक मेधावी छात्रा का ऑटो सवार दबंग युवकों ने सरेराह अपहरण कर लिया। छात्रा अपनी ममेरी बहन के साथ स्कूल जा रही थी, तभी घात लगाकर बैठे युवकों ने वारदात को अंजाम दिया।


इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस हीलाहवाली करती रही और करीब 12 घंटे बाद केस दर्ज किया गया।
सहेली के सामने हाथापाई कर ऑटो में खींच ले गए बदमाश
शिवपुर के चुपेपुर निवासी लखी सोनकर के अनुसार, उनकी 17 वर्षीय बेटी शर्मिष्ठा सोनकर और उनके साले की बेटी तनु सोनकर दोनों रानी मुरारका इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं। शर्मिष्ठा पढ़ने में बेहद होनहार है और उसने हाईस्कूल में कॉलेज टॉप किया था।

गुरुवार सुबह करीब 7 बजे दोनों बहनें हमेशा की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। वे जैसे ही यूपी कॉलेज परिसर के मुख्य गेट के पास पहुंचीं, तभी वहां पहले से ऑटो लेकर खड़े अनिकेत सोनकर नामक युवक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने शर्मिष्ठा को जबरन पकड़कर ऑटो में खींचना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों के बीच काफी रस्साकशी और हाथापाई भी हुई, लेकिन बदमाशों ने उसे धक्का देकर ऑटो के भीतर डाल लिया और तेजी से फरार हो गए।

क्लास टीचर के फोन से दी परिजनों को सूचना
घटना से डरी-सहमी तनु सोनकर किसी तरह स्कूल के अंदर पहुंची और क्लास टीचर को पूरी बात बताई। टीचर के मोबाइल से तुरंत परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन पहले स्थानीय पुलिस चौकी और फिर शिवपुर थाने पहुंचे।
पुलिस पर लगा तहरीर बदलवाने का गंभीर आरोप
पीड़ित पिता लखी सोनकर ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुबह घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को दबाने की कोशिश की। आरोप है कि पुलिस ने दबाव बनाकर उनकी मूल तहरीर को बदलवा दिया और 'अपहरण' की जगह 'बहला-फुसलाकर भगा ले जाने' की बात लिखवाई।
पुलिस ने सुबह से शाम तक मामले को दबाए रखा और घटना के करीब 12 घंटे बाद यानी शाम 7 बजे के बाद तहरीर लेकर औपचारिकता पूरी की।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार, अपहरण की इस वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी अनिकेत सोनकर भी शिवपुर क्षेत्र का ही रहने वाला है। देर रात तक पुलिस की टीमें छात्रा की बरामदगी और आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं, लेकिन तब तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका था। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और आक्रोश में है।
