वाराणसी गैंगरेप मामला: युवती का बयान SIT ने दर्ज किया, जल्द सौंपी जाएगी रिपोर्ट
आरोपी के परिजनों ने पुलिस कमिश्नर को पत्रक देकर की थी निष्पक्ष जाँच की मांग
वाराणसी, भदैनी मिरर। खजुरी (पांडेयपुर) निवासी युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों में दर्ज मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने गुरुवार को पीड़िता का बयान दर्ज किया। बयान डीसीपी क्राइम के कार्यालय में वीडियोग्राफी के माध्यम से लिया गया, जहां पीड़िता ने विस्तार से अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।

इस दौरान डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी नीतू कादयान, एडीसीपी क्राइम श्रुति श्रीवास्तव और अन्य उच्चाधिकारी मौजूद रहे। बयान दर्ज करते समय केवल वरिष्ठ अफसर उपस्थित थे। पीड़िता के साथ उसके पक्ष से एक अन्य व्यक्ति का भी बयान लिया गया।
जांच की स्थिति:
- अब तक गिरफ्तार 14 आरोपियों का बयान दर्ज हो चुका है।
- पीड़िता की तीन सहेलियों के बयान भी रिकॉर्ड कर लिए गए हैं।
- एफआईआर में जिन स्थानों का ज़िक्र किया गया था, वहां के करीब 50-50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
- सभी तकनीकी सबूतों की बारीकी से जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली यह युवती 29 मार्च को लापता हो गई थी और 4 अप्रैल को बरामद हुई थी। अगले दिन 5 अप्रैल को युवती ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। दर्ज प्राथमिकी में 12 नामजद और 11 अज्ञात आरोपियों को नामित किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस संवेदनशील मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस आयुक्त द्वारा 17 अप्रैल को डीसीपी वरुणा जोन की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया था।
