Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी: दोस्त ने ही दिया धोखा! गला घोंटकर कुएं में फेंका, होश आया तो 10 हजार में की 'सौदाबाजी'

मिर्जामुराद के हरपुर में दोस्ती शर्मसार: गमछे से गला कसा, मरा समझकर कुएं में फेंका; फिर साड़ी के सहारे निकालकर दी जान से मारने की धमकी।

Ad

 
er
WhatsApp Group Join Now

Ad

मिर्जामुराद/वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में दोस्ती को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक अपने ही दोस्त को बहला-फुसलाकर सुनसान इलाके में ले गया और गमछे से गला घोंटकर उसे मरा हुआ समझकर कुएं में फेंक दिया। हद तो तब हो गई जब पीड़ित के होश में आने पर आरोपी ने मामले को दबाने के लिए 10 हजार रुपये की 'डील' करने की कोशिश की।

Ad
Ad

पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रात 12:30 बजे बदहवास हालत में घर पहुंचा पीड़ित

हरसोस गांव के रहने वाले प्रकाश चंद्र ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा विवेक कुमार पटेल 28 जुलाई की देर रात करीब 12:30 बजे खून से लथपथ और बदहवास स्थिति में घर लौटा। बेटे की गंभीर हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए और तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई।

Ad

विवेक ने परिजनों को बताया कि हरपुर निवासी उसका परिचित सराफत अली रात 9:30 बजे उसे किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया था।

रिंग रोड के पास वारदात: गमछे से कसा गला, मुक्कों से किया हमला

आरोप है कि सराफत अली उसे मेहंदीगंज के पास स्थित रिंग रोड किनारे एक सुनसान कुएं के पास ले गया। वहां पहुंचते ही आरोपी ने पीछे से विवेक के गले में गमछा डालकर कस दिया। जब विवेक ने अपनी जान बचाने के लिए विरोध किया, तो आरोपी ने उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ मुक्के मारकर उसे बेसुध कर दिया।

Ad

होश आया तो कुएं में पड़ा था विवेक, फिर हुई 10 हजार की 'डील'

पीड़ित के अनुसार, जब उसे होश आया तो वह खून से लथपथ हालत में गहरे कुएं के अंदर पड़ा था। उसने जान बचाने के लिए जोर-जोर से गुहार लगाना शुरू किया। लगभग एक घंटे बाद आरोपी सराफत अली मौके पर वापस आया।

आरोपी ने कहा कि वह उसे मृत समझकर कुएं में फेंक गया था। इसके बाद आरोपी ने एक साड़ी का सहारा देकर विवेक को कुएं से बाहर निकाला। बाहर निकालने के बाद आरोपी ने उस पर दबाव बनाया कि वह इलाज के लिए 10 हजार रुपये ले ले और इस घटना का जिक्र किसी से न करे। साथ ही मुंह खोलने पर दोबारा जान से मारने की धमकी दी।

अस्पताल में भर्ती, मोबाइल और पर्स भी गायब

घटना के बाद परिजनों ने घायल विवेक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि वारदात के दौरान विवेक का मोबाइल फोन और पर्स भी गायब कर दिया गया है।

पुलिस का क्या है कहना?

मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित के पिता की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।