Varanasi Crime: सारनाथ पुलिस के 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' में बड़ी कामयाबी; अवैध असलहों और कारतूस के साथ शातिर गिरफ्तार
हृदयपुर अंडरपास के पास पुलिस की घेराबंदी, बुलेट बाइक सवार आरोपी से 2 पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी कमिश्नरेट में अपराध और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' (Operation Chakravyuh) के तहत सारनाथ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।


हृदयपुर अंडरपास पर बिछाया गया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात थाना सारनाथ पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल से हथियारों के साथ निकला है और कोई आपराधिक घटना कारित करने के उद्देश्य से हृदयपुर अंडरपास की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और घेराबंदी कर आरोपी को मौके से धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपी की पहचान बृजेश मिश्रा (32 वर्ष), पुत्र कमलेश चंद्र मिश्रा, निवासी हीरामनपुर, थाना सारनाथ के रूप में हुई है।
भारी मात्रा में हथियारों की बरामदगी
पुलिस की तलाशी में आरोपी के पास से बरामदगी के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे काफी चौंकाने वाले हैं। आरोपी के पास से पुलिस ने निम्नलिखित सामग्री जब्त की है:

-
02 अदद नाजायज पिस्टल (32 बोर)
-
04 अदद जिंदा कारतूस (32 बोर)
-
07 अदद खोखा कारतूस (32 बोर)
-
01 अदद जिंदा कारतूस (9 एमएम)
-
01 बुलेट मोटरसाइकिल
मुकदमा दर्ज, विधिक कार्रवाई जारी
इस गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना सारनाथ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0326/2026 के तहत धारा 3/7/25 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह इन हथियारों को कहां से लाया था और उसका अगला निशाना कौन था।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य
इस सफल गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम में उप निरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह, बुद्धराज प्रजापति, अनुज कुमार शुक्ला, अमरजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, और कांस्टेबल पंकज सिंह, सुमित कुमार, मुन्ना यादव व आशुतोष तिवारी शामिल रहे।
