वाराणसी: सहकर्मी ने फाइनेंस मैनेजर से किया दुष्कर्म, कोर्ट मैरिज के बाद मांगे 50 लाख, FIR दर्ज
युवक ने पहले शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए, फिर कोर्ट मैरिज कर कानूनी कार्रवाई से बचने का खेल खेला
वाराणसी (भदैनी मिरर): मुंबई की एक फाइनेंस कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत वाराणसी (लक्सा) निवासी एक युवती ने अपने सहकर्मी और पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर भेलूपुर थाने में आरोपी पति वरुण लालवानी और उसके परिजनों के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन गर्भपात, धोखाधड़ी और दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी पहचान, फिर दिया शादी का झांसा
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी कमच्छा के बिंद भवन निवासी वरुण लालवानी से साल 2022 में इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। दोनों मुंबई में एक ही फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान आरोपी ने प्रेम प्रसंग का हवाला देते हुए शादी का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि शादी का झांसा देकर वरुण ने उस पर दबाव बनाया और उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध स्थापित किए।

जबरन कराया गर्भपात, फिर बचने के लिए की कोर्ट मैरिज
पीड़िता के अनुसार, जब वह गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसे धोखे से दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। बाद में कानूनी पचड़ों में फंसने के डर से उसने कोर्ट मैरिज कर ली। पीड़िता का आरोप यह भी है कि विवाह पंजीकरण के बाद उसके जेठ (वरुण के भाई) सनूल लालवानी ने भी उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।

वाराणसी लाकर घर से निकाला, मांगे 50 लाख रुपये
घटना में नया मोड़ तब आया जब बीते 14 जुलाई को वरुण अपनी पत्नी को लेकर वाराणसी पहुंचा। यहां उसने युवती को उसके मायके (लक्सा) में यह कहते हुए छोड़ दिया कि उसने सिर्फ कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए विवाह का पंजीकरण कराया था और अब वह उसे अपने साथ नहीं रखेगा।
इसके अगले दिन, 15 जुलाई को जब युवती अपने पिता, मां और मौसी के साथ ससुराल (वरुण लालवानी के घर) पहुंची, तो वहां उसके साथ बदसलूकी की गई। आरोप है कि वहां मौजूद वरुण के पिता मोतीलाल लालवानी, जेठ सनूल और खुद वरुण ने साफ कह दिया कि वे उसे तभी अपनाएंगे जब उन्हें 50 लाख रुपये दहेज के रूप में दिए जाएंगे। इसके बाद उन्होंने परिवार को धमकी देते हुए घर से भगा दिया।
फिलहाल, भेलूपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
