वाराणसी: महिला होमगार्ड से शादी का झांसा देकर प्रेमी ने हड़पे थे रुपये, बेटे ने देखा था व्हाट्सएप सुसाइड नोट
पति की मौत के बाद बांदा के अजय पांडेय ने प्रेमजाल में फंसाया; बीमा के पैसे हड़पे और धमकी दी, अजय पांडेय और उसकी प्रेमिका अरेस्ट
वाराणसी (भदैनी मिरर)। चितईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत संतुष्टि हॉस्पिटल के पास हनुमंत कृपा अपार्टमेंट में महिला होमगार्ड अनुराधा तिवारी (35) की आत्महत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पति की मौत के बाद सहारा बने प्रेमी की बेवफाई, वित्तीय धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अनुराधा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त की थी।

मामले में मृतका की सास की तहरीर पर पुलिस ने सुसाइड के लिए उकसाने और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रेमी और उसकी नई प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी का झांसा देकर फंसाया, बीमा और लोन के पैसे हड़पे
पुलिस जांच में सामने आया कि तीन वर्ष पूर्व पति धनंजय तिवारी के निधन के बाद अनुराधा का संपर्क सारनाथ में रहकर एक दवा कंपनी में काम करने वाले अजय पांडेय (41) से हुआ था। अजय मूल रूप से बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र के नरैना (पांडेय का पुरवा) का निवासी है। अजय ने अनुराधा को प्रेमजाल में फंसाया और शादी का वादा किया।
आरोप है कि अजय ने अनुराधा के पति की मौत के बाद विभाग से मिले बीमा के पैसे हड़प लिए। इतना ही नहीं, उसने अनुराधा के नाम से भारी भरकम लोन भी करवाया, जिसकी मासिक किस्त अनुराधा अपनी सैलरी से भरती थी।

दूसरी युवती के संपर्क में आते ही देने लगा जान से मारने की धमकी
इस बीच, अजय पांडेय का संबंध दवा कंपनी में ही काम करने वाली बोकारो (झारखंड) निवासी एक युवती से हो गया, जो महमूरगंज में किराए पर रहती थी। जब अनुराधा को अजय के मोबाइल में युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें और चैटिंग दिखी, तो उसने इसका विरोध किया। इसके बाद अजय ने अपार्टमेंट आना छोड़ दिया और युवती के साथ मिलकर अनुराधा को जान से मारने की धमकी देने लगा।

व्हाट्सऐप पर सुसाइड नोट देखकर बेटे के उड़े होश
अनुराधा की ड्यूटी चितईपुर थाने में ही लगती थी। बुधवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गईं। देर रात जब उनके 17 वर्षीय बेटे ने घर में रखा दूसरा मोबाइल चेक किया, तो उस पर मां का एक मैसेज (सुसाइड नोट) मिला।
मैसेज में अनुराधा ने लिखा था कि अजय पांडेय ने प्यार और शादी का झांसा देकर उनके साथ धोखा किया है। अब वह इस युवती के साथ मिलकर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। सुसाइड नोट पढ़ते ही बेटा बदहवास हालत में मां के कमरे में पहुंचा, जहां अनुराधा फंदे से लटकी हुई थीं। बेटे ने आनन-फानन में रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा।
आरोपी प्रेमी और उसकी प्रेमिका गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए चितईपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बांदा निवासी अजय पांडेय और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
