वाराणसी: चर्चित 'माई टेबल बार' में बर्थडे पार्टी में खूनी संघर्ष; धारदार कड़े व गिलास से हमला कर युवक का सिर फोड़ा
सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित विनायक प्लाजा में देर रात हुआ विवाद, आरोपी पीयूष साधवानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मलदहिया स्थित विनायक प्लाजा में संचालित 'माई टेबल बार एंड रेस्टोरेंट' (My Table Bar) में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। मामूली बात पर शुरू हुए विवाद में एक युवक पर धारदार कड़े और कांच के गिलास से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर सिगरा थाना पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देर रात बर्थडे पार्टी के दौरान हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के गणेशमहल निवासी रितिक कश्यप अपने भाई राहुल और दोस्तों—राजकुमार व अंकित सिंह के साथ देर रात करीब 12 बजे विनायक प्लाजा स्थित 'माई टेबल बार' में जन्मदिन की पार्टी करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद सिद्धगिरिबाग निवासी पीयूष साधवानी से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पीयूष साधवानी ने आपा खो दिया और रितिक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
धारदार कड़े और कांच के गिलास से किया हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी पीयूष साधवानी ने अपने हाथ में पहने धारदार कड़े और पास में रखे कांच के गिलास से रितिक के सिर पर जोर से वार कर दिया। हमले में रितिक कश्यप का सिर फटने से वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
पीड़ित रितिक कश्यप का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिगरा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पीयूष साधवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(2) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।
सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मोहम्मद जावेद अशरफ को सौंपी गई है। पुलिस की एक टीम बार में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। जांच के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
