Varanasi: मंदिर में बैठी अधिवक्ता की मां के गले से सोने की चेन झपटकर भागे बाइक सवार बदमाश
लालपुर पांडेयपुर के रमरेपुर में वारदात, इलाके में रेकी कर रहे थे उचक्के
क्राइम डेस्क, भदैनी मिरर: वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रमरेपुर (पहड़िया) इलाके में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों का दुस्साहस सामने आया है। घर के बाहर बने शिव मंदिर में बैठी एक अधिवक्ता की मां के गले से दो अज्ञात बदमाश सोने की चेन झपटकर (चेन स्नेचिंग) रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद से ही क्षेत्र के निवासियों में सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की तफ्तीश और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।


पीछे बैठा युवक झपट ले गया चेन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रमरेपुर पहड़िया निवासी हिमांशु सिंह, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, की माताजी रोज की तरह शुक्रवार शाम को घर के बाहर बने शिव मंदिर परिसर में बैठी हुई थीं। रात करीब 8:20 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने तेजी से आकर महिला के गले में पड़ी सोने की चेन पर हाथ साफ किया और झटका मारकर चेन नोचकर फरार हो गया।

काफी देर से इलाके में रेकी कर रहे थे बदमाश
स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों संदिग्ध बाइक सवार वारदात को अंजाम देने से काफी पहले से ही उस इलाके में चक्कर काट रहे थे। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाश किसी सूने मौके की तलाश में रेकी कर रहे थे और जैसे ही उन्होंने बुजुर्ग महिला को अकेले देखा, घटना को अंजाम दे दिया। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस त्वरित कार्रवाई करे तो इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी जल्द हो सकती है।

