Varanasi Bank Burglary Attempt: वाराणसी के जिला सहकारी बैंक में चोरी की बड़ी कोशिश, गैस कटर से काटा दरवाजा
चोलापुर के आयर बाजार स्थित जिला सहकारी बैंक में चोरों ने सीढ़ी लगाकर बाउंड्री लांघी; पुलिस गश्त और फॉरेंसिक जांच तेज।
वाराणसी/चोलापुर (भदैनी मिरर): वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्दहा पुलिस चौकी के आयर बाजार स्थित 'जिला सहकारी बैंक' में बीती रात बेखौफ चोरों ने सेंधमारी कर चोरी का दुस्साहसिक प्रयास किया। चोरों ने बैंक के पिछले हिस्से में सीढ़ी लगाकर बाउंड्रीवाल लांघी और गलियारे में लगे लोहे के मुख्य दरवाजे को गैस कटर से काट दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैद गश्त और सायरन की आवाज सुनकर चोर किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई जब पास ही स्थित पूजन सामग्री दुकान के संचालक दीपक सिंह ने बैंक की गली का दरवाजा कटा और खुला देखा।
दुकानदार की सतर्कता से खुला मामला
दीपक सिंह को अनहोनी की आशंका हुई, जिस पर उन्होंने तुरंत बैंक मैनेजर सुधीर रंजन और कैशियर मनीष नायक को मामले की जानकारी दी। बैंक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुँचे और मुर्दहा चौकी प्रभारी संध्या जायसवाल को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, रात में लगातार हो रही पुलिस गश्त और पुलिस गाड़ी के सायरन की आवाज के कारण चोर घबरा गए और बैंक के तिजोरी तक पहुँचने से पहले ही भाग खड़े हुए।
डीसीपी और फॉरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी (वरुण जोन) राजेश कुमार पाण्डेय और एसीपी (सारनाथ) विनय कुमार द्विवेदी ने घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद मौके पर पहुँची फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट और गैस कटर के अवशेषों समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
सुरक्षा में बड़ी चूक: बैंक के अंदर नहीं मिले सीसीटीवी कैमरे
पुलिस जांच के दौरान बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हुआ, जब यह सामने आया कि बैंक परिसर के भीतर सीसीटीवी कैमरे ही नहीं लगे थे। इस सुरक्षा लापरवाही को लेकर पुलिस ने नाराजगी जताई है।
अब पुलिस आसपास की दुकानों, पतंजलि स्टोर और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों और स्थानीय दुकानदारों से भी पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।


