Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: लहरतारा उद्योग केंद्र का सहायक प्रबंधक ₹5000 घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

DIC Varanasi Bribery Case, लहरतारा उद्योग केंद्र घूस, श्रीपाल सहायक प्रबंधक गिरफ्तार, वाराणसी सतर्कता अधिष्ठान, भदैनी मिरर क्राइम न्यूज़, Varanasi Vigilance Trap 2026

Ad

 
fd
WhatsApp Group Join Now

Ad

क्राइम डेस्क, भदैनी मिरर: वाराणसी में भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लहरतारा स्थित जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र (डी०आई०सी०) में तैनात सहायक प्रबंधक श्रीपाल को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अधिकारी लोन की सब्सिडी के लिए एनओसी (NOC) जारी करने के नाम पर पीड़ित से घूस वसूल रहा था।

Ad
Ad

लोन सब्सिडी की NOC के लिए अटका रखी थी फाइल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के कुंदन नगर (कादीपुर) निवासी शिकायतकर्ता अमितेश चौरसिया (पुत्र सतीश चंद्र चौरसिया) ने सिल्क प्रोडक्ट के व्यवसाय हेतु उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक (महावीर मंदिर शाखा, वाराणसी) से 11 लाख रुपये का लोन लिया था। इस लोन पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के लिए उन्हें उपायुक्त उद्योग कार्यालय, लहरतारा से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की आवश्यकता थी।

Ad

यह फाइल जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक श्रीपाल (पुत्र स्व० कल्लू, निवासी सरस्वती नगर कॉलोनी, भिटारी, थाना लोहता) के पास लंबित थी। आरोप है कि एनओसी जारी करने के एवज में सहायक प्रबंधक श्रीपाल द्वारा लगातार 5,000 रुपये रिश्वत (उत्कोच) की मांग की जा रही थी।

Ad

गोपनीय जांच में सच आते ही सतर्कता टीम ने बिछाया जाल

रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर शिकायतकर्ता अमितेश चौरसिया ने इसकी लिखित शिकायत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) वाराणसी सेक्टर में दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (विजिलेंस, वाराणसी सेक्टर) ने इस शिकायत की अत्यंत गोपनीय जांच कराई।

गोपनीय जांच में जब रिश्वत मांगे जाने का मामला सौ फीसदी सही पाया गया, तो विजिलेंस की ट्रैप टीम का गठन किया गया। शुक्रवार (19 जून 2026) को जैसे ही शिकायतकर्ता ने कार्यालय के भीतर सहायक प्रबंधक श्रीपाल को केमिकल लगे 5,000 रुपये के नोट थमाए, वैसे ही पहले से मुस्तैद सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के हाथ धुलवाए जाने पर वे गुलाबी हो गए, जिससे घूस लेने की पुष्टि मौके पर ही हो गई।

मुकदमा दर्ज, विधिक कार्रवाई जारी

विजिलेंस की टीम आरोपी सहायक प्रबंधक श्रीपाल को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। थाना उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी सेक्टर में आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत और कड़ी धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया है और आगे की विधिक आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की अपील: हेल्पलाइन नंबर जारी

सतर्कता अधिष्ठान द्वारा जारी संदेश में कहा गया है कि विभाग भ्रष्टाचार के खिलाफ निरंतर जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई कर रहा है। यदि किसी भी सरकारी कार्यालय में किसी लोक सेवक (चाहे वह राजपत्रित अधिकारी हो, अराजपत्रित या अन्य कर्मचारी) द्वारा किसी भी जायज सरकारी कार्य के बदले रिश्वत या घूस की मांग की जाती है, तो सजग नागरिक सीधे सतर्कता विभाग के रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन नंबरों - 9454401866 और 9454401222 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।