Varanasi: विश्व सुंदरी पुल के पास पुलिस और गोतस्कर की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से बिहार का बदमाश एजाज गिरफ्तार
30 गोवंश लदे कंटेनर के साथ भाग रहा था शातिर अपराधी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल; अवैध असलहा व कारतूस बरामद
वाराणसी (भदैनी मिरर नेटवर्क): वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्व सुंदरी पुल के नीचे सोमवार को पुलिस और गोतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शातिर गोतस्कर के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़ा गया आरोपी बिहार का रहने वाला है और उस पर पहले से भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से 30 सुरक्षित गोवंशों से भरा एक कंटेनर और अवैध असलहा-कारतूस बरामद किया है।


हाईवे से देहात की तरफ भाग रहा था गोतस्कर
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में अवैध रूप से गोवंश लादकर हाईवे के रास्ते देहात की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।

पुलिस चेकिंग को देखकर कंटेनर ड्राइवर घबरा गया और वाहन छोड़कर विश्व सुंदरी पुल के नीचे की तरफ भागने लगा।
पुलिस टीम पर झोंका फायर, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस बल द्वारा घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस पूछताछ और जांच में आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
कौन है पकड़ा गया बदमाश?
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान मोहम्मद एजाज (पुत्र हाकिम मियां) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरपुर (बिहार) का निवासी है। एसीपी कोतवाली ने बताया कि एजाज एक बेहद शातिर और पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व से ही कुल 6 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से तीन मामले गोतस्करी से जुड़े हैं। इसके अलावा उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है और वह पहले भी जेल जा चुका है।
30 गोवंश सुरक्षित बरामद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुठभेड़ के दौरान एजाज अकेला ही कंटेनर लेकर जा रहा था। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक लादे गए 30 गोवंश बरामद हुए, जो सभी सुरक्षित हैं। पुलिस ने सभी गोवंशों को अपने संरक्षण में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
