वाराणसी: बेनियाबाग हरिजन बस्ती में सोते समय युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश की आशंका
मिर्जापुर से बेटे की सगाई में शामिल होने आया था मृतक, सोते समय हमलावर ने उतारा मौत के घाट, मौके से मिले दो खोखे।
वाराणसी। धर्म नगरी वाराणसी का चौक थाना क्षेत्र रविवार की भोर में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। बेनियाबाग स्थित हरिजन बस्ती में चारपाई पर सो रहे राजन नामक युवक की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।


बेटे की सगाई में शामिल होने आया था मृतक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राजन की दो पत्नियां हैं। उसकी एक पत्नी मिर्जापुर के नारायणपुर में निवास करती है, वहीं दूसरी पत्नी वाराणसी के बेनियाबाग हरिजन बस्ती में रहती है। आगामी 20 जून को बेनियाबाग में रहने वाली दूसरी पत्नी के बेटे की सगाई होनी तय थी। इसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजन मिर्जापुर से वाराणसी आया हुआ था।

बगल में सोता रहा बेटा, पिता को मार दी गोली
घटना के वक्त राजन घर के बाहर चारपाई पर अपने बेटे के साथ सो रहा था। भोर के समय घात लगाकर आए हमलावर ने सोते हुए राजन पर फायरिंग कर दी। वारदात इतनी खामोशी और तेजी से अंजाम दी गई कि बगल की चारपाई पर सो रहे बेटे को घटना की भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस और आला अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
खून से लथपथ गंभीर रूप से घायल राजन को तत्काल इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को मौके से दो खोखे भी बरामद हुए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
अधिकारियों का बयान: "पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन (एविडेंस कलेक्ट) करा लिया गया है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" — गौरव वंशवाल, डीसीपी काशी जोन

