Varanasi: युवकों पर जानलेवा हमला करने वाले 4 नामजद समेत 40 से अधिक पर दर्ज हुआ मुकदमा
छोटी पटिया इलाके में फब्तियां कसने का विरोध करने पर भड़का विवाद; लाठी-डंडों से पीटकर युवक को किया लहूलुहान
क्राइम डेस्क, वाराणसी। वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर के छोटी पटिया इलाके में दबंगों द्वारा युवकों पर जानलेवा हमला और बलवा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दीपावली के अगले दिन देर रात हुई इस हिंसक वारदात के संबंध में भेलूपुर पुलिस ने गंभीर धाराओं में 4 नामजद समेत 40 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें अब नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य हमलावरों की शिनाख्त के लिए दबिश दे रही हैं।

रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे थे दोनों युवक, रास्ते में घेरकर की गाली-गलौज
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, चंदौली जनपद के मढ़िया (पड़ाव) निवासी लक्ष्य सेठ के बड़े पिता विशाल सेठ सुंदरपुर के छोटी पटिया क्षेत्र में रहते हैं। लक्ष्य अपने दोस्त रोशन चौधरी (निवासी- चौरहट) के साथ अपने बड़े पिता से मिलने उनके घर आया था।
मुलाकात के बाद जब दोनों दोस्त वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में छोटी पटिया निवासी समीर मौर्य, कुलदीप मौर्य, रवि राजभर, विकास विश्वकर्मा और उनके साथ मौजूद करीब 40 अज्ञात युवकों ने उन पर फब्तियां कसते हुए अभद्र गाली-गलौज शुरू कर दी।
तमंचा लहराकर दी हत्या की धमकी, ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से किया अधमरा
जब लक्ष्य और रोशन ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपी उग्र हो गए और दोनों पर टूट पड़े। आरोप है कि हमलावरों ने क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए खुलेआम तमंचा निकालकर लहराया और जान से मारने के लिए ललकारने लगे।
देखते ही देखते आरोपियों ने चारों तरफ से ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान दबंगों ने रोशन चौधरी को घेर लिया और लाठी-डंडों व पत्थरों से बेरहमी से पीटकर उसे लहूलुहान कर अधमरा कर दिया। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोगों को जुटता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
BHU ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज
घटना के बाद आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल रोशन को इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर (BHU Trauma Center) में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भेलूपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद चारों आरोपियों और 40 अज्ञात के विरुद्ध बलवा, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट से जुड़ी संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
