Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: आदमपुर के सक्का घाट पर खूनी खेल, पुरानी रंजिश में फूल विक्रेता की पीट-पीटकर हत्या; परिजनों का हंगामा

अस्पताल में परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस पर गंभीर आरोप

Ad

 
murder
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी: धर्म नगरी काशी के आदमपुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात वर्चस्व की जंग ने खूनी रूप ले लिया। सक्का घाट पर माला-फूल की दुकान लगाने के पुराने विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस संघर्ष में 18 वर्षीय युवक नीरज केवट की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में परिजनों ने पुलिसिया लापरवाही के खिलाफ जमकर हंगामा काटा।

Ad
Ad

दुकान लगाने के विवाद ने ली जान

सक्का घाट निवासी स्वर्गीय गोपाल केवट का पुत्र नीरज केवट (18) अपने परिवार के साथ घाट पर ही माला-फूल की दुकान चलाता था। परिजनों के मुताबिक, इसी व्यवसाय को लेकर पड़ोस के ही रवींद्र केवट और उसके परिवार से काफी समय से रंजिश चल रही थी। रविवार रात मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे।

Ad

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मारपीट के दौरान नीरज के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ प्रहार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी सांसें थमने लगीं।

अस्पताल में परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस पर गंभीर आरोप

घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नीरज को मंडलीय अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' (मृत) घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। मृतक के भाई धीरज केवट और परिजनों ने आदमपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि:

Ad
  • विवाद की शिकायत पहले भी कई बार चौकी और थाने में की गई थी।

  • पुलिस ने शिकायतों को अनसुना किया, जिसका नतीजा आज इस हत्या के रूप में सामने आया।

  • परिजनों का आरोप है कि इस पूरे विवाद के पीछे क्षेत्र के एक रसूखदार नौका संचालक की शह है।

इनके खिलाफ मिली तहरीर, पुलिस की छापेमारी शुरू

मृतक के परिवार ने रवींद्र केवट, किशन, बसंत, कन्हैया, कल्लू, भरत, टकालू, रंजिता और सुमन समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत की है। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।

थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल सक्का घाट पर तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।