वाराणसी: दुर्गाकुंड के पास से 9 साल की बच्ची को लेकर ट्राईसाइकिल से भागा दिव्यांग, पुलिस टीमें गठित
जालांस के पास की घटना, मूल रूप से बिहार की रहने वाली है बच्ची, नगवा (लंका) में रहकर फूल-माला बेचती है उसकी मां
वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गाकुंड पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां जालांस के पास से एक 9 साल की मंदबुद्धि बच्ची को एक दिव्यांग शख्स अपनी ट्राईसाइकिल पर बैठाकर उठा ले गया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार की दोपहर करीब 11:45 बजे की है। मूल रूप से बिहार की रहने वाली पीड़ित परिवार की महिला नगवा (लंका) इलाके में रहकर फूल-माला बेचने का काम करती है। बुधवार को उसकी 9 वर्षीय बेटी वहीं आसपास मौजूद थी। इसी दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति वहां पहुंचा और बच्ची को अपनी ट्राईसाइकिल पर बैठाकर वहां से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। आसपास खंगाले गए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में एक दिव्यांग शख्स बच्ची को अपनी ट्राईसाइकिल पर लेकर जाते हुए नजर आ रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस और परिजनों ने उसकी तलाश तेज कर दी है।
पुलिस की 9 टीमें गठित, तलाश जारी
घटना के तुरंत बाद परिजनों की तहरीर पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची की सकुशल बरामदगी और घटना के खुलासे के लिए कुल 9 टीमों का गठन किया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
