वाराणसी: कहासुनी के बाद 55 वर्षीय अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, चचेरे भाई पर आरोप
घर के बाहर मामूली बात पर बढ़ा विवाद, परिजनों ने लगाया पुरानी रंजिश और शिकायतों पर सुनवाई न होने का आरोप
वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रुस्तमपुर गांव के मिश्रा मोहल्ले में बुधवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच दो चचेरे भाइयों के बीच हुआ विवाद दुखद घटना में बदल गया। घर के बाहर किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद हुई हाथापाई में 55 वर्षीय आजाद मिश्रा की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया।


चार दिन पहले बिहार से लौटे थे आजाद मिश्रा
मृतक आजाद मिश्रा बिहार में काम करते थे और लगभग चार दिन पहले ही अपने गांव लौटे थे। उनकी पत्नी मधु मिश्रा (50) के अलावा परिवार में कोई संतान नहीं है।
ACP सारनाथ ने दी आधिकारिक जानकारी
घटना के संदर्भ में एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि शाम लगभग 5-6 बजे चौबेपुर पुलिस को रुस्तमपुर में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पता चला कि चचेरे भाइयों—आजाद मिश्रा और नागेंद्र मिश्रा के बीच घर के बाहर किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। बात बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसके दौरान आजाद मिश्रा की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आरोपी तथा अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

परिजनों ने लगाया लापरवाही और पुरानी रंजिश का आरोप
दूसरी ओर, परिजनों का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का दावा है कि उन्होंने पूर्व में आरोपी नागेंद्र मिश्रा के खिलाफ चिरईगांव पुलिस चौकी में कई बार शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने पुरानी शिकायतों पर ध्यान दिया होता, तो आज यह दुखद घटना न घटती।

फिलहाल चौबेपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
