वाराणसी: संपत्ति के लालच में पति की हत्या का आरोप, कोर्ट के आदेश पर दूसरी महिला समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
1981 में हुई थी शादी, दूसरी महिला पर संपत्ति ऐंठने का आरोप
वाराणसी (भदैनी मिरर)। शिवपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर की रहने वाली उषा देवी ने अपने पति की हत्या और संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाते हुए 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। यह कार्रवाई अदालत के कड़े रुख और आदेश के बाद पुलिस द्वारा अमल में लाई गई है। दर्ज मामले में हत्या, आपराधिक साजिश और साक्ष्य मिटाने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।


1981 में हुई थी शादी, दूसरी महिला पर संपत्ति ऐंठने का आरोप
पीड़िता उषा देवी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, वर्ष 1981 में उनका विवाह श्यामदेव प्रसाद के साथ हुआ था। हालांकि, शादी के बाद श्यामदेव ममता गौतम नाम की महिला के साथ रहने लगे थे। आरोप है कि श्यामदेव ने अपने जीवनकाल में जो भी चल-अचल संपत्तियां अर्जित कीं, ममता गौतम ने उनके साथ धोखाधड़ी और जालसाजी करके उन संपत्तियों को अपने और अपने भाइयों के नाम हस्तांतरित करवा लिया।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी और हत्या का आरोप
तहरीर में उषा देवी ने आरोप लगाया है कि जब श्यामदेव प्रसाद को अपने साथ हुई इस जालसाजी का एहसास हुआ और उन्होंने अपनी संपत्ति वापस पाने के लिए विरोध दर्ज कराया, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं।
आरोप है कि इसी संपत्ति के लालच में षड्यंत्र रचकर श्यामदेव प्रसाद की हत्या कर दी गई और मामले को दबाने के उद्देश्य से साक्ष्य भी मिटा दिए गए।

कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद शिवपुर पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बाद शिवपुर थाना पुलिस ने आरोपी ममता गौतम, उसके भाइयों और अन्य सहयोगियों समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
