UP: दिनदहाड़े तड़तड़ाई पुलिस की गोलियां, 1 लाख का इनामी अहसान ढेर, SSP के जैकेट में लगी गोली
दो पुलिस कर्मी भी घायल, हरडाखेड़ा में हुआ बदमाश का पुलिस से आमान-सामना
सहारनपुर (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से इस वक्त की बेहद बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. यहाँ शुक्रवार को दिनदहाड़े पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश अहसान कपूरी पुलिस की जवाबी फायरिंग में मारा गया.


यह मुठभेड़ कितनी खतरनाक और आमने-सामने की थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बदमाशों द्वारा सीधे पुलिस को निशाना बनाकर चलाई गई गोलियां सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगीं, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए. इस क्रॉस फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं.

वाहन चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने घेरा तो भागे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को चिलकाना थाना प्रभारी विनोद कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ हरड़ाखेड़ा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिए. पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे बाइक रोककर सरेंडर करने के बजाय उसे मोड़कर सरसावा की तरफ तेजी से भागने लगे.

पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया. खुद को घिरता देख बेखौफ बदमाशों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी पर ही ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे पुलिस वाहन के शीशे टूट गए. चिलकाना थाना प्रभारी ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल मौके की तरफ दौड़ पड़ा.
बाग में छिपकर पुलिस टीम पर दागीं गोलियां, मोर्चे पर पहुंचे SSP
पुलिस से पीछा छुड़ाने के लिए दोनों बदमाश औद्योगिक क्षेत्र के पास स्थित एक घने बाग में घुस गए और पेड़ों की ओट लेकर पुलिस टीम पर लगातार फायरिंग करने लगे. मामले की गंभीरता को देखते हुए सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन सिंह भी खुद बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर (ग्राउंड जीरो) पहुंच गए और बदमाशों की घेराबंदी शुरू की.
बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय सीधे अधिकारियों पर गोलियां दागनी शुरू कर दीं. इस दौरान दो गोलियां सीधे एसएसपी अभिनंदन सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर और दो गोलियां चिलकाना थाना प्रभारी की जैकेट पर लगीं. बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण दोनों अधिकारियों की जान सुरक्षित रही.
दो पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल में बदमाश घोषित हुआ मृत
बदमाशों की इस दुस्साहसिक फायरिंग में सरसावा थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा के बाजू में गोली लगी, जबकि सर्विलांस शाखा के हेड कांस्टेबल (प्रधान आरक्षी) सोनू शर्मा के हाथ में गोली लग गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख का इनामी बदमाश अहसान कपूरी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.
घायल पुलिसकर्मियों और बदमाश को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तड़प रहे अहसान कपूरी को मृत घोषित कर दिया. घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है.
30 से अधिक मुकदमों में वांछित था अहसान कपूरी
सहारनपुर पुलिस के मुताबिक, मारा गया बदमाश अहसान कपूरी बेहद शातिर और दुराचारी किस्म का अपराधी था. उस पर लूट, डकैती, जानलेवा हमला और रंगदारी समेत विभिन्न थानों में 30 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे. वह बेहट थाने से एक लाख रुपये का वांछित इनामी अपराधी था.
मौके से भारी असलहा बरामद: एनकाउंटर वाली जगह से पुलिस ने 4 अवैध हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं. मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हुए उसके दूसरे साथी बदमाश को पकड़ने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर भारी पुलिस बल द्वारा सर्च और कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
