Movie prime
PMC_Hospital

UP Encounter: 1 लाख का इनामी शूटर लल्लन सिंह सहारनपुर में ढेर, वाराणसी के SI को मारी थी गोली

STF और बदमाशों के बीच सरसावा-नकुर रोड पर मुठभेड़, 7 मर्डर और बैंक डकैती का आरोपी बिहार का गैंगस्टर लल्लन सिंह मारा गया, एक फरार।

Ad

 
Lallan Singh
WhatsApp Group Join Now

Ad

सहारनपुर/वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ जारी ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत यूपी एसटीएफ (UP STF) और पुलिस टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। वाराणसी और चंदौली पुलिस के लिए सिरदर्द बना एक लाख रुपये का इनामी और कुख्यात शूटर ललन सिंह उर्फ लल्लन रविवार देर रात सहारनपुर में हुई एक पुलिस मुठभेड़ (Encounter) में मारा गया। इस क्रॉस फायरिंग में लल्लन गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।

Ad
Ad

सरसावा-नकुर मार्ग पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ सहारनपुर के सरसावा-नकुर रोड पर हुई। 21/22 जून की रात एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को बदमाशों की मौजूदगी का इनपुट मिला।

Ad

पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की, तो खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी ललन सिंह गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी चकमा देकर भाग निकला। घायल ललन को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सरसावा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Ad

वाराणसी के दरोगा को मारी थी गोली, चंदौली में भी था वांटेड

मारे गए बदमाश की शिनाख्त ललन सिंह उर्फ लल्लन (पुत्र शिव शंकर सिंह) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के थाना मोहिउद्दीन नगर के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था। लल्लन पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से 1 लाख रुपये और चंदौली पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

लल्लन सिंह पर आरोप था कि उसने 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में तैनात सब-इंस्पेक्टर (SI) अजय यादव को सरेराह गोली मारकर उनकी सर्विस पिस्तौल लूट ली थी। इसके अलावा 1 नवंबर 2022 को चंदौली जिले में हुई सनसनीखेज गोलीबारी और लूट कांड में भी पुलिस को उसकी सरगर्मी से तलाश थी।

7 मर्डर और बैंक डकैती: खौफ का दूसरा नाम था लल्लन

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ललन सिंह अपने भाइयों और गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर बिहार और यूपी में संगठित अपराध का सिंडिकेट चला रहा था। उस पर 7 लोगों की बेरहमी से हत्या, बैंक डकैती, कैश-वैन से लाखों की लूट और सरकारी हथियार छीनने जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज थे। लल्लन के हाथों मारे गए लोगों में दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे।

मुठभेड़ के बाद सहारनपुर, वाराणसी और चंदौली पुलिस अलर्ट पर है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लल्लन के फरार साथी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।