UP: दवा कारोबारी पिता ने अपनी ही जुड़वा बेटियों का चापड़ से रेता गला, खुद पुलिस को दी जानकारी
कानपुर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रोंगटे खड़े कर देने वाला कांड; बगल के कमरे में सो रही थी पत्नी, आरोपी पिता हिरासत में
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवईनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक दवा कारोबारी ने अपनी ही दो मासूम जुड़वा बेटियों की गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी। हैरत की बात यह है कि जब पिता इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे रहा था, उस वक्त बगल के कमरे में पत्नी और बेटा गहरी नींद में सो रहे थे।


तड़के 4:30 बजे पुलिस को खुद किया फोन
जानकारी के मुताबिक, आरोपी दवा कारोबारी शशि रंजन मिश्रा त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के फेज-2 में किराए के फ्लैट में परिवार के साथ रहते थे। रविवार तड़के करीब 4:30 बजे शशि रंजन ने खुद यूपी-112 पर फोन कर पुलिस को इस हत्याकांड की सूचना दी। सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब कमरे का नजारा देख अधिकारियों के भी होश उड़ गए। पुलिस ने ही दूसरे कमरे में सो रही पत्नी रेशमा को जगाकर घटना की जानकारी दी।

धारदार चापड़ से बेटियों को उतारा मौत के घाट
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, वारदात रात करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच की गई है। 11 वर्षीय जुड़वा बेटियां रिद्धि और सिद्धि, जो कक्षा 5 की छात्राएं थीं, कमरे में सो रही थीं। पिता ने स्टील के धारदार चापड़ से दोनों का गला रेत दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किए हैं और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद कर लिया गया है।

13 साल पहले हुई थी लव मैरिज, घरेलू कलह बनी वजह!
शशि रंजन मिश्रा और रेशमा छेत्री की शादी करीब 13 साल पहले प्रेम विवाह (Love Marriage) के रूप में हुई थी। यह परिवार पिछले 8 सालों से इसी अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में हत्या के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी ने बताया कि पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है।
सदमे में पत्नी और इलाके के लोग
बेटियों की मौत की खबर सुनते ही पत्नी रेशमा सन्न रह गईं। उन्होंने बदहवासी में अपनी नौकरानी को फोन कर मौके पर बुलाया। अपार्टमेंट के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं कि एक पिता अपनी ही औलादों के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
