वाराणसी में 'काशी चाट भंडार' चलाने वाले छात्र ने लगाई फांसी, पुलिसकर्मी भाई के पहुंचने पर तोड़ा गया दरवाजा
Varanasi Crime: शिवपुर के शीतल नगर में BA थर्ड ईयर के छात्र ने कमरे में किया सुसाइड, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी, आत्महत्या की वजह साफ नहीं।
वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्म नगरी काशी के शिवपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शीतल नगर (परमानंदपुर) में बीए तृतीय वर्ष (BA 3rd Year) के एक छात्र ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पढ़ाई के साथ-साथ प्रसिद्ध 'काशी चाट भंडार' नाम से दुकान भी चलाता था। बुधवार सुबह जैसे ही इस घटना की जानकारी हुई, पूरे इलाके और परिवार में कोहराम मच गया।


सूचना मिलते ही शिवपुर थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, युवक के इस आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
रात को खाना खाकर सोने गया था छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतल नगर निवासी गोपाल जायसवाल का 23 वर्षीय छोटा पुत्र अभय जायसवाल चांदमारी पेट्रोल पंप के पास ‘काशी चाट भंडार’ नाम से दुकान चलाता था। वह पढ़ाई में भी होनहार था और ग्रेजुएशन के आखिरी साल में था।

परिजनों ने बताया कि रोज की तरह मंगलवार रात करीब 10 बजे अभय अपनी दुकान बंद कर घर लौटा था। परिवार के सभी सदस्यों के साथ उसने सामान्य रूप से रात का खाना खाया और फिर अपने कमरे में सोने चला गया। कमरे में जाते समय उसने खिड़की को थोड़ा खुला छोड़ दिया था और अंदर से कुंडी लगा ली थी।

खिड़की से झांका तो उड़ गए होश
बुधवार सुबह करीब 8 बजे तक जब अभय के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार वालों ने उसे आवाज दी और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद जब परिजनों ने अधखुली खिड़की से अंदर झांका, तो उनके होश उड़ गए। अभय का शव छत के पंखे से चादर के सहारे लटक रहा था। यह मंजर देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
ज्ञानवापी सुरक्षा में तैनात है बड़ा भाई
घटना की जानकारी तुरंत अभय के बड़े भाई प्रभात जायसवाल को दी गई। प्रभात पुलिस विभाग में तैनात हैं और वर्तमान में वाराणसी के संवेदनशील ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा ड्यूटी में लगे हैं। भाई के घर पहुंचने के बाद पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और शव को नीचे उतारा गया।
पुलिस का बयान: "शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जांच हर पहलू से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।"
मृतक अभय दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद मां विद्या देवी, पिता गोपाल जायसवाल और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
