Movie prime
PMC_Hospital

जिउतिया का प्रसाद देने पहुँचे बेटे को मिली मां की अर्धनग्न लाश, शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशान

सोनभद्र के चोपन में घर के अंदर लहूलुहान हाल में मिला 50 वर्षीय मलोगरी देवी का शव; मुकदमेबाजी और पुरानी रंजिश के चलते परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।

Ad

 
fd
WhatsApp Group Join Now

Ad

अपराध व प्रादेशिक डेस्क (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत सलखन ग्राम पंचायत के बैरिया टोला में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ घर के भीतर 50 वर्षीय महिला मलोगरी देवी का अर्धनग्न और लहूलुहान अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

Ad

घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका का बड़ा बेटा सुनील रविवार सुबह जिउतिया व्रत का प्रसाद देने अपनी मां के घर पहुँचा था।

फोन न उठने पर बाउंड्री लांघकर अंदर घुसा बेटा

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार के पास अलग-अलग जगहों पर मकान व पाही (खेत-खलिहान स्थित आवास) है। सलखन के बैरिया टोला स्थित मकान में मलोगरी देवी अकेली रहती थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बेलछ ग्राम पंचायत स्थित पाही पर रहते थे।

मृतका के बेटे सुनील ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को जिउतिया का त्योहार था। वह शनिवार रात को भी अपनी मां को प्रसाद देने पहुँचा था, लेकिन उस समय बाउंड्री का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद रविवार सुबह करीब 7:30 बजे सुनील ने अपनी मां के मोबाइल पर कई बार कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका में जब वह बाउंड्रीवाल फांदकर परिसर के अंदर पहुँचा, तो घर के दोनों दरवाजे खुले मिले और कमरे के अंदर फर्श पर मां मलोगरी देवी का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था।

पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी में हत्या का आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुनील ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। तहरीर में सुनील ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित बेटे ने पुरानी रंजिश और मुकदमेबाजी के चलते गांव के ही कुछ नामजद और अज्ञात लोगों पर मां की निर्मम हत्या करने की आशंका जताते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फॉरेंसिक टीम और सीओ ने लिया जायजा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

वारदात की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी) रणधीर मिश्रा, चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। परिजनों द्वारा दी गई नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।