सोशल मीडिया का जानलेवा खुमार: वाराणसी में रील बनाते समय तमंचे से चली गोली, 16 वर्षीय किशोर के गाल में लगी
फूलपुर के ब्यौहरियापुर गांव की घटना; 2 दोस्त हिरासत में, ननिहाल आया नितिन बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती
भदैनी मिरर (अपराध/सिटी डेस्क): सोशल मीडिया पर रील्स बनाने का जुनून युवाओं के लिए घातक साबित हो रहा है। वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कठिरांव चौकी के ब्यौहरियापुर गांव में शनिवार दोपहर अवैध असलहे के साथ रील बनाने के दौरान अचानक गोली चल गई। इस हादसे में 16 वर्षीय किशोर के चेहरे पर गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फूलपुर पुलिस और कठिरांव चौकी पुलिस ने घायल को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी पिंडरा भिजवाया, जहां से डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था घायल नितिन
पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, शनिवार (5 सितंबर 2026) दोपहर करीब 1:00 बजे ब्यौहरियापुर निवासी दिलीप मिश्रा के मकान पर तीन दोस्त—नितिन चौहान, कृष्णा मिश्रा और शिवम चौहान (तीनों की उम्र करीब 16 वर्ष) एकत्र हुए थे।

तीनों किशोर एक अवैध असलहे (तमंचे) को हाथ में लेकर रील बना रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई, जो सीधे नितिन चौहान के गाल को चीरती हुई निकल गई। बताया जा रहा है कि घायल नितिन अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है।

पुलिस ने दो किशोरों को लिया हिरासत में, जांच जारी
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी पिंडरा, थाना प्रभारी फूलपुर और कठिरांव चौकी पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गोमती ज़ोन पुलिस उपायुक्त कार्यालय (सोशल मीडिया सेल) द्वारा जारी सूचना के मुताबिक घटना में शामिल कृष्णा मिश्रा और शिवम चौहान दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 16 साल के नाबालिग लड़कों के पास यह अवैध असलहा (तमंचा) कहां से और किस माध्यम से आया।
पुलिस प्रशासन ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
