वाराणसी में शर्मसार करने वाली वारदात: दिवाली शॉपिंग के बहाने कॉलेज टीचर ने छात्रा से किया रेप, हालत बिगड़ने पर खुद पहुंचा अस्पताल; गिरफ्तार
आर्य महिला डिग्री कॉलेज के टीचर पर लगा दुष्कर्म का आरोप; अधिक ब्लीडिंग होने पर आरोपी खुद लेकर पहुंचा अस्पताल
भदैनी मिरर, वाराणसी। वाराणसी में गुरु और शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के एक प्रतिष्ठित कॉलेज के शिक्षक ने दिवाली की शॉपिंग कराने के बहाने अपनी ही छात्रा को हवस का शिकार बना डाला। दुष्कर्म के दौरान छात्रा की हालत बिगड़ने और अत्यधिक रक्तस्राव होने पर आरोपी शिक्षक घबरा गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों की सूचना पर पहुंची चेतगंज थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।

शॉपिंग के बहाने कमरे में ले गया आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय पीड़िता आर्य महिला डिग्री कॉलेज में ग्रेजुएशन (तृतीय वर्ष) की छात्रा है। वहीं आरोपी शिक्षक की पहचान भदोही निवासी 40 वर्षीय अभिषेक कुमार तिवारी के रूप में हुई है, जो चेतगंज थाना क्षेत्र में किराए का मकान लेकर रहता है और इसी कॉलेज में पढ़ाता है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार को शिक्षक ने छात्रा को दीपावली की खरीदारी कराने के बहाने बाजार बुलाया था। दोपहर करीब 3 बजे छात्रा घर से निकली और आरोपी के साथ स्मार्ट बाजार पहुंची। वहां दोनों ने कपड़े, गिफ्ट आइटम्स और घरेलू सामान की खरीदारी की। इसके बाद बाहर खाना खाने के बाद आरोपी शिक्षक छात्रा को बहला-फुसलाकर चेतगंज स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया।
कमरे में की दरिंदगी, गंभीर हालत में पहुंचाया अस्पताल
आरोप है कि कमरे पर पहुंचते ही शिक्षक ने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान छात्रा के गुप्त अंगों में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक ब्लीडिंग होने लगी। छात्रा की हालत बिगड़ती देख आरोपी घबरा गया और आनन-फानन में उसे पास के एलायंस अस्पताल लेकर पहुंचा।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भी जब ब्लीडिंग नहीं रुकी और छात्रा की स्थिति गंभीर बनी रही, तो डॉक्टरों ने सख्त रुख अपनाते हुए परिजनों को सूचित करने को कहा। इसके बाद आरोपी ने छात्रा की मां को फोन कर एक्सीडेंट में चोट लगने की झूठी कहानी बताई।
डॉक्टरों की सतर्कता से खुला राज, मां का हंगामा
अस्पताल पहुंची मां ने जब बेटी की नाजुक हालत देखी तो वे सुध-बुध खो बैठीं। इस दौरान डॉक्टरों ने मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए मां को पूरी सच्चाई बता दी कि यह एक्सीडेंट नहीं बल्कि शारीरिक प्रताड़ना का मामला है। सच्चाई सामने आते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, गंभीर हालात में छात्रा दूसरे अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलते ही चेतगंज थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक अभिषेक कुमार तिवारी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र (हायर सेंटर) रेफर कर दिया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
