चंदौली में सनसनीखेज वारदात: स्कूल परिसर में हाईस्कूल के छात्र ने सहपाठी की चाकू मारकर की हत्या
गणित की क्लास के दौरान मामूली विवाद में छात्र ने छात्र पर किया जानलेवा हमला; अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, आरोपी हिरासत में।
चंदौली (भदैनी मिरर): चंदौली कोतवाली क्षेत्र स्थित एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से शुक्रवार की सुबह एक बेहद स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है। स्कूल परिसर में पढ़ाई के दौरान दो नाबालिग छात्रों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्कूल परिसर समेत पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। एहतियातन मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।


क्लासरूम में चल रही थी गणित की पढ़ाई
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्कूल में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को गणित पढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक छात्र (उत्कर्ष) ने अचानक पास में रखा चाकू निकालकर अपने ही सहपाठी लवकुश यादव (16 वर्ष) पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। क्लासरूम के भीतर हुई इस चाकूबाजी से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में चीख-पुकार और खलबली मच गई।

अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
लवकुश को लहूलुहान हालत में आनन-फानन में नजदीकी जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी छात्र उत्कर्ष को मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। छात्र की मौत की खबर जैसे ही फैली, स्कूल के बाहर अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

तनाव के बीच पुलिस बल तैनात, जांच जारी
स्कूल और आसपास के क्षेत्र में बढ़ते तनाव और आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संवेदनशील मामले पर सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि दो किशोरों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह दुखद घटना घटी। आरोपी किशोर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और घटना के मुख्य कारणों की गहनता से जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
