चंदौली में सनसनी: घर के बाहर सो रहे युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या
शिकारगंज के जोगिया कला गांव की वारदात; सुबह चारपाई पर खून से लथपथ मिला 34 वर्षीय बृजेश का शव, मायके गई थी पत्नी
चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और खौफनाक वारदात सामने आई है। शिकारगंज थाना क्षेत्र के जोगिया कला गांव में शनिवार तड़के एक युवक की घर के बाहर सोते समय बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह जब परिजनों ने चारपाई पर खून से लथपथ शव देखा, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।


चारपाई पर सो रहा था युवक, सुबह मिला शव
मृतक की पहचान 34 वर्षीय बृजेश यादव उर्फ बेचई यादव के रूप में हुई है, जो जोगिया कला गांव के रहने वाले स्वर्गीय रामचंद्र यादव के पुत्र थे। परिजनों के मुताबिक, बृजेश की पत्नी रेखा करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके गई हुई थी। शुक्रवार की रात बृजेश हमेशा की तरह खाना खाकर घर के बाहर बरामदे में चारपाई पर सोने चले गए थे। शनिवार सुबह करीब 5 बजे जब घर के लोग बाहर आए, तो उन्होंने बृजेश का शव लहूलुहान हालत में चारपाई पर पड़ा देखा। अज्ञात हमलावरों ने रात के अंधेरे में उनके गले पर किसी भारी धारदार लोहे के हथियार से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया था।

पारिवारिक रंजिश से इनकार, 8 साल पहले हुआ था बंटवारा
बृजेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि बृजेश बेहद सीधे स्वभाव के थे और उनका गांव या बाहर किसी से भी कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। करीब आठ साल पहले ही उनका बड़े भाई दीनानाथ और छोटे भाई नारायण के साथ घर और जमीन का बंटवारा शांतिपूर्ण ढंग से हो चुका था। भाइयों के बीच भी किसी प्रकार के मनमुटाव की बात सामने नहीं आई है, जिससे यह हत्या पूरी तरह रहस्यमयी बनी हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कई बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला धारदार हथियार से हत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य गुप्त विवाद समेत तमाम संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।
