Movie prime
PMC_Hospital

रास्ता मांगने पर बरातियों ने कार सवार 4 लोगों को लाठी-रॉड से पीटा; एक की हालत गंभीर

कासिमाबाद के बहादुरगंज में डीजे के आगे कार को रास्ता देने पर भड़के बराती, पुलिस बल तैनात

Ad

 
cxg
WhatsApp Group Join Now

Ad

गाजीपुर (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शादी की खुशियाँ उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गईं जब बरातियों ने मामूली बात पर जमकर उत्पात मचाया। मामला कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज नगर पंचायत का है, जहाँ बृहस्पतिवार की देर रात कार को रास्ता देने की बात कहने पर बराती इस कदर भड़क गए कि उन्होंने कार सवार चार लोगों पर लाठी-डंडे, पत्थरों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।

Ad
Ad

वाराणसी से लौट रहे थे कार सवार

कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण के मुताबिक, बहादुरगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-4 के रहने वाले रामविलास राय (55) अपने भतीजे मंगल राय (26), रामप्रवेश राय (65) और विनोद राय (55) के साथ अर्टिगा कार से वाराणसी से वापस अपने घर लौट रहे थे।

रात करीब 10:30 बजे जब उनकी कार छोटी पुलिया पुरानी गंज राय कटरा के पास पहुंची, तो वहां पास के ही मां चंडी मैरिज हॉल से निकली एक बरात सड़क पर डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रही थी।

Ad

रास्ता मांगते ही शुरू हुआ लाठी-डंडों का खेल

आरोप है कि डीजे के कारण सड़क जाम थी, जिस पर कार सवार लोगों ने बरातियों से थोड़ा रास्ता देने का अनुरोध किया। रास्ता मांगने की बात सुनते ही बराती आपा खो बैठे और गाली-गलौज करने लगे। जब कार सवारों ने इसका विरोध किया, तो दर्जनों बरातियों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पत्थरों से कार पर धावा बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में कार सवार चारों लोग लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

Ad

पुलिस को बुलानी पड़ी अतिरिक्त फोर्स, 1 की हालत नाजुक

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन बरातियों की भारी संख्या के आगे पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। माहौल बिगड़ता देख तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद उपद्रवियों को खदेड़ा गया।

पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहाँ विनोद राय की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मऊ के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर/आईसीयू सपोर्ट पर भर्ती कराया गया है। बाकी तीन घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कासिमाबाद में चल रहा है।

मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि पीड़ित रामविलास राय की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद समेत कई अन्य अज्ञात बरातियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बरातियों और ग्रामीणों के बीच हुई इस भिड़ंत में कुछ वाहनों के शीशे भी टूटे हैं और कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस टीम इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही है।