Movie prime
PMC_Hospital

जौनपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: मोबाइल चैट के विवाद में प्रेमिका की हत्या कर शव के किए 3 टुकड़े, एनकाउंटर के बाद आरोपी गिरफ्तार

बाबतपुर से बुलाकर मड़ियाहूं में उतारा मौत के घाट; मलबे की तरह पॉलीथीन में फेंके हाथ-पैर

Ad

 
gr
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर, जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ मड़ियाहूं इलाके में मोबाइल चैट को लेकर हुए मामूली विवाद में एक प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका की सोती अवस्था में निर्मम हत्या कर दी। क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपी ने शव की पहचान छिपाने के लिए उसके तीन टुकड़े कर दिए और अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। हालांकि, जौनपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 14 घंटे के भीतर इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। रविवार देर रात हुई एक पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Ad
Ad

मोबाइल चैट देखने पर भड़का आरोपी, सोते समय रेता गला

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भावनगर (गुजरात) का रहने वाला है और वर्तमान में जौनपुर के मड़ियाहूं स्थित टीचर्स कॉलोनी में किराए पर रह रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह बीती 4 जुलाई को मृतका रेशमा खां उर्फ सना को बाबतपुर से अपने किराए के कमरे पर लेकर आया था। कमरे पर सना के मोबाइल में किसी अन्य से चैट देखने को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि रात में जब सना सो गई, तब हेमल ने गुस्से में आकर चाकू से उसका गला रेत दिया।

Ad

बाजार से खरीदी काली पॉलीथीन, गड़ासे से किए टुकड़े

हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की खौफनाक साजिश रची। वह बाजार गया और वहाँ से काली पॉलीथीन खरीद कर लाया। इसके बाद उसने गड़ासे से शव के दोनों हाथ और पैर काटकर उसे तीन हिस्सों में बांट दिया। आरोपी ने धड़ को रानीपुर बाईपास के पास झाड़ियों में फेंक दिया, जबकि पैर और अन्य अंगों को रामनगर ब्लॉक मोड़ के पास एक पुलिया के आगे ले जाकर डाल दिया।

Ad

बचे हुए साक्ष्य मिटाने जा रहा था, पुलिस ने घेरा तो की फायरिंग

जब पुलिस को रानीपुर बाईपास पर धड़ बरामद हुआ और शिनाख्त की कार्रवाई शुरू हुई, तो आरोपी डर गया। वह बचे हुए अंगों को वहां से हटाकर कहीं और छिपाने की फिराक में था। इसी बीच मुखबिर की सटीक सूचना पर मड़ियाहूं पुलिस ने रामनगर ब्लॉक गेट के पास घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख शातिर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी हेमल के दाहिने पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

हथियार और कटे हुए अंग बरामद

पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू, गड़ासा, मृतका का कटा हुआ पैर, एक .32 बोर की पिस्टल, कारतूस, मृतका का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई तेज कर दी है।