Movie prime
PMC_Hospital

Ghazipur Encounter : गाजीपुर में एनकाउंटर के बाद शव रख कर भारी बवाल, भीड़ का पुलिस पर पथराव, CO और SHO समेत कई घायल

होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश बिंद के शव को सड़क पर रख फूटा गुस्सा, जान बचाने के लिए बैंक में छिपे पुलिसकर्मी; इलाके में भारी तनाव, 6 थानों की फोर्स तैनात।

Ad

 
ds
WhatsApp Group Join Now

Ad

गाजीपुर/अपराध डेस्क (भदैनी मिरर):

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में होटल कारोबारी विनीत राय की हत्या के आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश बिंद के पुलिस एनकाउंटर के बाद गुरुवार को स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। कमलेश के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर 'फर्जी एनकाउंटर' का गंभीर आरोप लगाते हुए शव को बीच सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान करीब 400 से 500 लोगों की उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर अचानक भारी पथराव कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

Ad
Ad

जान बचाने के लिए बैंक में छिपे जवान, सीओ-एसएचओ जख्मी

चश्मदीदों के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए घर से लगभग 5 किलोमीटर दूर श्मशान घाट जा रहे थे। लाश एक पिकअप गाड़ी में रखी थी और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स भी साथ चल रही थी। लेकिन घर से महज 500 मीटर दूर फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास भीड़ ने पिकअप से शव को जबरन उतारकर सड़क पर रख दिया।

Ad

पुलिस ने जब लोगों को समझाने और शांत कराने की कोशिश की, तो तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस पर चारों तरफ से पत्थरों की बौछार कर दी। पथराव इतना भीषण था कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा और कुछ जवानों ने पास के एक बैंक में छिपकर अपनी सुरक्षा की। इस हमले में सीओ सदर शेखर सेंगर और थानाध्यक्ष सदर कोतवाली प्रमोद सिंह समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Ad

पुलिस ने कस्टडी में लिया शव, छावनी में तब्दील हुआ इलाका

हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल ने स्थिति पर काबू पाते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और शव को दोबारा अपनी कस्टडी में लिया। इस दौरान परिवार की महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों के बीच भी तीखी झड़प देखने को मिली। पुलिस सुरक्षा के बीच शव को श्मशान घाट ले जाया गया, जहां परिवार के कुछ लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कराई गई।

इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए गांव और श्मशान घाट पर सदर, करंडा, नंदगांव, जंगीपुर समेत 6 थानों की फोर्स तैनात की गई है। एसपी डॉ. ईरज राजा ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया। फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है और पथराव करने वाले आरोपी फरार हैं।

होटल कारोबारी की हत्या और 36 दिन पहले हुई शादी 

बता दें कि बीते 29 मई की रात बदमाशों ने होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने बुधवार की रात एक लाख के इनामी कमलेश बिंद को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था, जबकि गैंग का सरगना शंकर पांडेय और दो अन्य आरोपी सोनू यादव व मोनू त्रिपाठी अब भी फरार हैं।

दूसरी तरफ, मृतक कमलेश बिंद की पत्नी मनीषा (जो कि नर्सिंग की छात्रा है और 36 दिन पहले ही दोनों की शादी हुई थी) ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मनीषा का दावा है कि उसके पति पूरी तरह निर्दोष थे और पुलिस ने उन्हें जबरन रामपुर से उठाने के बाद थाने में बेरहमी से पीटा और फिर जंगल में ले जाकर फर्जी एनकाउंटर कर दिया।