Ghaziabad Surya Murder Case: सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 50 हजार का था इनामी
पीड़ित मां और पड़ोसियों की मांग- 'बाकी आरोपियों का भी हो एनकाउंटर, चले बुलडोजर'
गाजियाबाद: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया है। 11वीं के छात्र सूर्या की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या करने के बाद से असद फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।


पैसे लेकर भागने की फिराक में था आरोपी
मुठभेड़ की जानकारी देते हुए डीसीपी (DCP) धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 50 हजार का इनामी असद खोड़ा थाना क्षेत्र में अपने कुछ दोस्तों से मिलने आ रहा है। वह उनसे पैसे लेकर शहर से बाहर भागने की योजना बना रहा था। इस इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी की और सघन चेकिंग अभियान (चेकपॉइंट) शुरू कर दिया। इसी दौरान बाइक पर असद अपने एक दोस्त के साथ आता हुआ दिखाई दिया।

आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई गोली
डीसीपी के मुताबिक, पुलिस टीम ने जब बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया और चेतावनी दी, तो आरोपी ने बाइक रोकने के बजाय पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी असद को गोली लग गई। उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस क्रॉस फायरिंग में पुलिस का एक सिपाही भी जख्मी हुआ है। पुलिस ने मौके से आरोपी की बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली है।

कुर्बानी और ईद पार्टी के बहाने बुलाया था
पुलिस की शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सूर्या और मुख्य आरोपी पहले से परिचित थे। वारदात वाले दिन सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी ने सूर्या को बकरीद पर कुर्बानी दिलाने और बाद में ईद की पार्टी व मुबारकबाद देने के बहाने बुलाया था। सूर्या पहले कतरा रहा था, लेकिन बातचीत के बाद वह आरोपी के बुलाए स्थान पर पहुंच गया, जहां उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। इस मामले में पुलिस 5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर 3 को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
'तस्वीर देखकर मिलेगी तसल्ली, घर पर चले बुलडोजर' — पीड़ित परिवार
एनकाउंटर की खबर मिलने के बाद सूर्या की मां सरोज ने कहा, "मैंने सिर्फ एक व्यक्ति का एनकाउंटर सुना है... लेकिन मैं असद की तस्वीर देखना चाहती हूं, तभी मुझे तसल्ली मिलेगी। वारदात में शामिल बाकी लोगों का भी ऐसा ही एनकाउंटर होना चाहिए। मेरे बेटे के हत्यारों के घरों पर बुलडोजर चला दिया जाए।" वहीं पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि सभी आरोपियों की संपत्ति जब्त कर उनके मकानों को जमींदोज किया जाए।
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
छात्र की हत्या के बाद से ही खोड़ा क्षेत्र में जबरदस्त आक्रोश और तनाव का माहौल है। शनिवार को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। तनाव को देखते हुए मुख्य बाजार की आधे से अधिक दुकानें पूरी तरह बंद रहीं, जबकि कुछ दुकानदारों ने डर के मारे केवल आधा शटर ही खोला। गलियों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग अपने घरों की छतों से नीचे की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों और भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
