Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी में फ्लैट देने के नाम पर 39 लाख रुपये की ठगी: तीन बिल्डर भाइयों पर धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज 

सेवापुरी की महिला से दो फ्लैट के नाम पर ली गई थी रकम, दिसंबर 2023 में पजेशन देने का किया था वादा

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर)। फ्लैट देने के नाम पर 39 लाख रुपये हड़पने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में चितईपुर थाना पुलिस ने तीन बिल्डर भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई सेवापुरी (कपसेठी) के ग्राम नेवादा निवासी पीड़िता साधना सिंह की तहरीर पर की है।

Ad

दो फ्लैट बुक कराने के नाम पर लिए थे 39 लाख रुपये

पीड़िता साधना सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने और उनकी ननद नीलम सिंह ने नेवादा सुंदरपुर (थाना चितईपुर) निवासी परमात्मा उपाध्याय के तीन पुत्रों- कालिंदी उपाध्याय, अविनाश उपाध्याय और ऋषिकेश उपाध्याय से दो फ्लैट बुक कराए थे। इसके बदले में पहले अविनाश उपाध्याय को 24 लाख रुपये और कुछ समय बाद कालिंदी उपाध्याय को 15 लाख रुपये दिए गए। इस प्रकार कुल 39 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

दिसंबर 2023 में फ्लैट देने का था वादा

तहरीर के अनुसार, बिल्डरों ने दिसंबर 2023 में फ्लैट देने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीतने और करीब तीन साल इंतजार करने के बावजूद न तो फ्लैट मिला और न ही रकम लौटाई गई। आरोप है कि जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने रकम लौटाने से इनकार करते हुए जान से मरवाने की धमकी दी।

पीड़िता ने बताया कि वह पिछले डेढ़ महीने से सुंदरपुर चौकी, चितईपुर थाने और पुलिस आयुक्त कार्यालय के चक्कर लगा रही थीं तथा एग्रीमेंट, बैंक स्टेटमेंट और चेक की प्रतियां भी प्रस्तुत की थीं। इसके बाद चितईपुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरु

चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपी बिल्डर भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।