बेटी के लापता होने की झूठी रिपोर्ट लिखाने पहुंचा था पिता
प्रेम प्रसंग से नाराज कलयुगी पिता ने दबिया से काटकर की थी नाबालिग बेटी की हत्या; बोरे में बंद कर शव नदी में बहाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार।
भदैनी मिरर क्राइम डेस्क: बिहार के मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरराहा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर पास की नदी में बहा दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता खुद थाने में बेटी के लापता होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा था।

लापता होने के ड्रामे से खुला हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता दिनेश यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी घास लाने के लिए खेत गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।
जब पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की, तो परिवार के सदस्यों के बयानों में भारी विरोधाभास देखने को मिला। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ शुरू की, तो मृतका की छोटी बहन ने घटना से जुड़े सारे राज खोल दिए। छोटी बहन के खुलासे के बाद पुलिस का शक सीधे तौर पर पिता पर गहरा गया।
प्रेम प्रसंग से नाराज होकर दिया वारदात को अंजाम
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी पिता दिनेश यादव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटी के प्रेम प्रसंग से बेहद नाराज था। इसी रंजिश और गुस्से में उसने धारदार हथियार (दबिया) से अपनी बेटी का गला काटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए उसने शव को एक बोरे में बंद किया और पास की ही नदी में ले जाकर बहा दिया।
नदी में शव की तलाश जारी
डीएसपी चेतनानंद झा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि परिवार के बयानों में संदेह होने पर जांच का दायरा बढ़ाया गया था, जिसके बाद छोटी बहन के बयान पर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में बहाए गए बच्ची के शव को बरामद करने के लिए लगातार खोजबीन कर रही है। शव के मिलने के बाद आगे की कानूनी और चिकित्सकीय कार्रवाई पूरी की जाएगी।
