जौनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: लूट और हथियार तस्कर गिरोह के 4 गिरफ्तार
केराकत और गौराबादशाहपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: भारी मात्रा में पिस्टल और तमंचे बरामद, घायल मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं 16 से अधिक केस
भदैनी मिरर जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शुक्रवार को थाना केराकत, गौराबादशाहपुर पुलिस, स्वाट/एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम के साथ हुई एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी और लूट की वारदातों में शामिल चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।


इस मुठभेड़ के दौरान आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस फायरिंग में गैंग लीडर के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को पुलिस ने घेराबंदी करके दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक बाल अपचारी (नाबालिग) भी शामिल है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर झोंक दी थी गोली
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) आयुष श्रीवास्तव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी त्योहारों और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस टीमों द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बगथरी नहर पुलिया पर चेकिंग देखकर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भाग निकले।

बदमाशों के केराकत की तरफ भागने की इनपुट मिलते ही पुलिस टीमों ने मल्लूपुर नहर पुलिया के पास मोर्चा संभाला और तगड़ी घेराबंदी की। जब पुलिस ने बदमाशों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने खुद को घिरा देख दोबारा पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सरगना शैलेश यादव गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे और उसके तीन अन्य साथियों को हिरासत में ले लिया।

अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, बड़ी खेप बेचने की थी फिराक
पुलिस अभिरक्षा में हुई पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे अंतरजनपदीय स्तर पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई का धंधा करते हैं। वे हथियारों की एक बड़ी खेप बेचने के लिए जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही दबोचे गए।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिसमें:
-
3 विदेशी/देशी पिस्टल
-
10 अवैध तमंचे
-
भारी मात्रा में जिंदा कारतूस
-
2 मोटरसाइकिलें
-
3 मोबाइल फोन शामिल हैं।
हिस्ट्रीशीटर है गैंग लीडर, दर्ज हैं 16 से अधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान शैलेश यादव (निवासी पतौरा, थाना केराकत), पीयूष यादव (निवासी सरोज बड़ेवर, थाना केराकत), करन यादव (निवासी लेबरुआ, थाना चंदवक) और एक बाल अपचारी के रूप में हुई है। पैर में गोली लगने से घायल हुए सरगना शैलेश यादव को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपी शैलेश यादव एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ समेत कई जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। केराकत थाने में पुलिस टीम पर हमला करने और अवैध हथियार रखने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और शस्त्र अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
