चोलापुर: गवाही देना पड़ा भारी, बीच बाजार ईंट से पीटा, बेटे की उंगली टूटी
पुलिस ने 500 मीटर दौड़ाकर पकड़ा, फिर छोड़ दिया, कमिश्नर से शिकायत पर दर्ज हुआ केस
वाराणसी। पुरानी गवाही की रंजिश में पिता-पुत्र को बीच बाजार में गाली देकर ईंट से मारने-पीटने का मामला सामने आया है। हमले में बेटे की बाएं हाथ की उंगली टूट गई। हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने आरोपी को 500 मीटर तक दौड़ाकर पकड़ भी लिया, लेकिन थाने लाकर छोड़ दिया। पीड़ित जब पुलिस आयुक्त के दरबार पहुंचा, तब जाकर चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज हो सका।

घटना 10 नवंबर की शाम करीब 6 बजे की है। धरसौना (बड़ा अहिरान) निवासी लक्ष्मी यादव अपने बेटे सूरज यादव के साथ उसकी शादी के लिए चोलापुर बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे। धरसौना बाजार स्थित गरथमा मोड़ चर्च के सामने गांव के ही गौतम यादव से सामना हो गया।
आरोप है कि गौतम पुराने मुकदमे में दी गई गवाही से नाराज था। उसने रास्ते में ही पिता-पुत्र को रोककर मां-बहन की गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने सड़क किनारे पड़े ईंट के टुकड़े उठाकर दोनों पर हमला कर दिया। ईंट लगने से सूरज यादव के बाएं हाथ की अनामिका उंगली टूट गई। पीड़ित ने मेडिकल रिपोर्ट भी प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न की है।
घटना के बाद लक्ष्मी यादव ने हल्का दरोगा को फोन किया, वहीं सूरज ने 112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। पुलिस ने उसे 500 मीटर तक दौड़ाकर पकड़ा और थाने ले आई। पीड़ित का आरोप है कि इसके बावजूद थाने में उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई और उसे छोड़ दिया गया।
न्याय न मिलने पर लक्ष्मी यादव ने 17 नवंबर को पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की शिकायत की। उन्होंने गाली देने, मारपीट कर उंगली तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने पर कार्रवाई की मांग की। आयुक्त के निर्देश के बाद अब चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
