वाराणसी: महिला से धक्का देकर लूटी गई सोने की चेन बरामद, 4 गिरफ्तार
सुबह की सैर पर निकली महिला को निशाना बनाने वाले शातिर लुटेरे चढ़े पुलिस के हत्थे, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी जब्त
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क)। चितईपुर पुलिस ने राजेंद्र विहार कॉलोनी में हुई महिला के साथ चैन स्नैचिंग (Chain Snatching) की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए गिरोह के 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पीली धातु (सोने) की चेन तथा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

राजेंद्र विहार कॉलोनी में सुबह-सुबह हुई थी वारदात
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना 2 अक्टूबर की सुबह करीब पौने छह बजे की है। राजेंद्र विहार कॉलोनी (चितईपुर) में जयंती देवी अपने पति डॉ. सुधीर राम पटेल के साथ जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें जोर से धक्का देकर गिरा दिया और उनके गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
CCTV और मुखबिर की सूचना पर DLW रेलवे लाइन के पास से दबोचे गए आरोपी
घटना की सूचना के बाद चितईपुर पुलिस और क्राइम टीम ने घटनास्थल व आसपास के रूट के सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। 3 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर सुंदरपुर चौकी प्रभारी आदित्य कुमार मिश्रा ने घेराबंदी कर 3 अक्टूबर की शाम करीब 7:40 बजे डीएलडब्ल्यू (DLW) की ओर जाने वाली रेलवे लाइन के पास से चार आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए चारों आरोपियों की पहचान प्रिंस राजभर (19 वर्ष), किशन लाल गुप्ता (20 वर्ष), कृष्णा (22 वर्ष) निवासी ककरमत्ता न्यू कॉलोनी (मंडुआडीह) और चंदन (26 वर्ष) निवासी बिलारीडीह महेवा (अलीनगर, चंदौली), हाल पता: राजेंद्र विहार कॉलोनी, चितईपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1 पीली धातु की चेन (वजन लगभग 16.5 ग्राम) और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
