होटल के स्पॉ में देह व्यापार का भंडाफोड़, अलग-अलग कमरों में मिलीं 3 महिलाएं; मैनेजर और स्पा संचालक गिरफ्तार
होटल ट्रिनिटी के सनराइज स्पा एंड सैलून में चल रहा था अवैध कारोबार, पुलिस की योजनाबद्ध छापेमारी में आपत्तिजनक सामग्री बरामद
रायगढ़ (छत्तीसगढ़)| छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश किया है। होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में चल रहे अवैध देह व्यापार पर पुलिस ने छापेमारी कर स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट और होटल प्रबंधक देवेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है।


छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों से तीन महिलाओं को बरामद किया गया, जबकि मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली और साइबर शाखा की संयुक्त टीम बनाई गई थी।

पुलिस को स्पा सेंटर में देह व्यापार संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए योजनाबद्ध तरीके से एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया। जैसे ही संकेत मिला, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे पुलिस टीम ने होटल ट्रिनिटी में दबिश दी।
तलाशी के दौरान तीन महिलाओं को अलग-अलग कमरों में पाया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने तलाशी लेकर आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। पूछताछ में स्पा संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि ग्राहकों को आकर्षित करने और अवैध मुनाफा कमाने के लिए महिलाओं की व्यवस्था की जाती थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, मुखबिर को दिए गए 6000 रुपये नकद, स्पा सेंटर से जुड़े दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर और वर्ष 2024 का किरायानामा भी बरामद किया है।
इस मामले में थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि रायगढ़ जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा, अवैध शराब या किसी भी प्रकार के गैरकानूनी और अनैतिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
