Movie prime
PMC_Hospital

मऊ से लापता ई-रिक्शा चालक का बलिया में मिला शव: दोस्तों पर हत्या की आशंका

5 दिनों से लापता था रणजीत, दोस्तों ने नहर में कूदने का किया दावा; परिजनों का आरोप- हत्या कर फेंकी गई लाश

Ad

 
ds
WhatsApp Group Join Now

Ad

बलिया/मऊ (भदैनी मिरर)। मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र से बीते पांच दिनों से लापता ई-रिक्शा चालक रणजीत कुमार (40) का शव बृहस्पतिवार को बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र स्थित इंदौली नहर से बरामद हुआ। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जहां एक तरफ रणजीत के दोस्तों का दावा है कि उसने अचानक नहर में छलांग लगा दी, वहीं परिजनों ने पैसों के लेनदेन के विवाद में हत्या कर शव नहर में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है।

Ad

अंडे की दुकान से गायब हुआ था रणजीत

जानकारी के मुताबिक, मऊ के लिलहवा धर्मपुर निवासी रणजीत कुमार 18 सितंबर की शाम सुग्गी चौरी स्थित एक अंडे की दुकान पर अपने दोस्तों के साथ गया था, जिसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर मधुबन पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की थी।

Ad

22 हजार रुपये के लेनदेन का मामला

पुलिस ने जब रणजीत के साथ मौजूद दोस्तों को उठाकर पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि बाइक की मरम्मत से जुड़े लगभग 22 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर वे रणजीत को बेल्थरारोड ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि उसे बाइक छुड़ाने के बहाने घर से बुलाया गया था।

पूछताछ में दोस्तों ने बयान दिया कि इंदौली नहर के पास पहुंचते ही रणजीत अचानक बाइक से उतरकर नहर में कूद गया। हालांकि, परिजनों ने दोस्तों की इस कहानी को मनगढ़ंत बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है।

Ad

SDRF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से बरामद हुआ शव

मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तीन दोस्तों को हिरासत में लिया और उनकी निशानदेही पर इंदौली नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। मधुबन और उभांव पुलिस की मौजूदगी में एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने करीब दो घंटे तक तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद रणजीत का शव बरामद कर लिया गया।

शव मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मऊ भेज दिया है।

उभांव थानाध्यक्ष दिनेश पाठक ने बताया कि प्रकरण में मूल प्राथमिकी मधुबन थाने में दर्ज है और शव को वही की पुलिस ले गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है।