वाराणसी में खूनी खेल: जमीन विवाद में चचेरे भाई ने कनपटी पर सटाकर मारी गोली
सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव की सनसनीखेज वारदात, वारदात के बाद बाइक से फरार हुए हमलावर
वाराणसी: धर्म नगरी वाराणसी के ग्रामीण इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में गुरुवार की रात करीब 9 बजे जमीन और मकान के कब्जे को लेकर दो चचेरे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि एक भाई ने दूसरे की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी, जिससे 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।


कनपटी के पार निकल गई गोली, सिंह मेडिकल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मझवां गांव निवासी सौरभ सिंह उर्फ बंटी (20 वर्ष), पुत्र लालू सिंह का अपने पड़ोसी और चचेरे भाई बबलू सिंह से जमीन और मकान को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पूर्व में भी दोनों परिवारों के बीच कई बार कहासुनी और झगड़ा हो चुका था। गुरुवार की रात विवाद ने उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद आरोपी बबलू सिंह पिस्टल लेकर आया और सौरभ की कनपटी पर सटाकर फायर झोंक दिया। गोली सिर के आर-पार निकल गई और सौरभ लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

वारदात के बाद आरोपी बाइक से फूलपुर की तरफ भाग निकले। ग्रामीणों ने उनका पीछा करने की कोशिश की लेकिन वे हाथ नहीं आए। परिजन आनन-फानन में खून से लथपथ सौरभ को लेकर डॉक्टर के पास भागे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस सुरक्षा के लिहाज से शव को लेकर शहर के सिंह मेडिकल भी आई, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत ही बताया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात, जांच में जुटी SOG
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सिंधौरा थाना प्रभारी ने तुरंत आला अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद गोमती जोन के एडीसीपी और एसीपी पिंडरा भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस बुला ली गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसओजी (SOG) और स्थानीय पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
