वाराणसी के शिवपुर में दुस्साहसिक चोरी: दीवार तोड़कर मेडिकल स्टोर और चाय की दुकान खंगाली, 4.5 लाख कैश, गहने और सामान पार
शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास चोरों का तांडव: मेडिकल स्टोर से लाखों की नकदी-सोना और बगल की दुकान से मलाई व सिगरेट-गुटखा उड़ाया, पुलिस जांच में जुटी।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क: वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास चोरों के दुस्साहस का अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात (28 सितंबर की रात) बेखौफ चोरों ने रेलवे ट्रैक की तरफ से दुकानों के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर (दीवार तोड़कर) एक मेडिकल स्टोर और उससे सटी चाय-पान की दुकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने मेडिकल स्टोर से करीब 4.5 लाख रुपये नकद, सोने की चैन (सिकड़ी) व अन्य गहने साफ कर दिए, वहीं बगल की दुकान से नकद, गुटखा-सिगरेट और रखी हुई मलाई तक खा गए।

सुबह 5 बजे घटना का चला पता
घटना का खुलासा मंगलवार (29 सितंबर) की सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब भरलाई गांव निवासी चाय-पान दुकानदार राहुल पटेल अपनी दुकान खोलने पहुंचे। शटर उठाते ही उन्होंने देखा कि दुकान की दीवार पीछे से टूटी हुई है और सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बगल के मेडिकल स्टोर संचालक अजय कुमार वर्मा को दी। अजय कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर देखा तो उनके भी मेडिकल स्टोर की पीछे की दीवार टूटी हुई थी।

CCTV तोड़ा, मलाई खाई और फ्रिज से पानी पीकर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित मेडिकल स्टोर संचालक अजय कुमार वर्मा के अनुसार, चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर कुर्सी पर फेंक दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। चोर काउंटर में रखे लगभग 4.5 लाख रुपये नकद और सोने की सिकड़ी समेत अन्य आभूषण समेट ले गए।
वहीं चाय-पान की दुकान चलाने वाले राहुल पटेल ने बताया कि चोर उनकी दुकान से 4-5 सौ रुपये नकद, 1 से 2 हजार रुपये मूल्य के गुटखा-सिगरेट के साथ-साथ टब में रखी लगभग 1 किलो मलाई खा गए और फ्रिज से पानी की बोतलें निकालकर पी। इसके अलावा घटना स्थल पर चोरों द्वारा की गई आपत्तिजनक व अश्लील हरकतों के निशान भी मिले हैं, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में गहरा रोष है।

पुलिस को दी गई तहरीर, फॉरेंसिक टीम का इंतजार
पीड़ितों ने सुबह ही शिवपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की लिखित शिकायत (तहरीर) सौंप दी है। चाय-पान दुकानदार राहुल पटेल पुत्र कैलाश पटेल (निवासी भरलाई, शिवपुर) ने पुलिस को दी तहरीर में चोरी की पूरी घटना का ब्योरा दिया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे अन्य कैमरों की पड़ताल की जा रही है। पीड़ित व्यापारियों ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड से जांच कराकर जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की है।
