गोरखपुर में 'लेडी डॉन' बनकर चोरी करने वाला अरबाज खान गिरफ्तार, मां ने दी थी सलवार-सूट पहनकर कांड करने की तरकीब
लंबे बाल और मां की चुनरी ओढ़कर शटर चाट जाता था शातिर चोर; कोतवाली पुलिस ने गैंग के 3 बदमाशों को दबोचा, मां पर भी कसने जा रहा शिकंजा
गोरखपुर (भदैनी मिरर):उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से अपराध का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है जिसे सुनकर पुलिसवाले भी हैरान हैं। यहाँ एक मां ने अपने जवान बेटे को संस्कार देने के बजाय ऐसी सीख दी कि उसने शहर की पुलिस की नाक में दम कर दिया। मां की सलाह पर महिलाओं का सलवार-सूट पहनकर और चुनरी ओढ़कर ताबड़तोड़ चोरियों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


मां की दी हुई 'अनोखी तरकीब' और कपड़े
एसपी सिटी निमिष पाटील ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस चौंकाने वाली वारदात का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का सरगना शाहपुर क्षेत्र के मोहनापुर का रहने वाला अरबाज खान है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अरबाज की मां ने ही उसे पुलिस और जनता से बचने के लिए महिलाओं का वेश धारण करने की सलाह दी थी। मां का मानना था कि लड़की के भेष में रहने पर किसी को शक नहीं होगा और पकड़े जाने का खतरा कम हो जाएगा। इसके लिए मां ने खुद अपने सलवार-सूट और चुनरी बेटे को पहनने के लिए दिए थे।

लंबे बाल और चुनरी के पीछे छिपता था चेहरा
अभियुक्त अरबाज खान ने अपने बाल भी लड़कियों की तरह लंबे कर रखे थे। जब वह अपनी मां का सलवार-सूट पहनकर और चुनरी से चेहरा ढककर निकलता था, तो दूर से देखने पर कोई भी धोखा खा जाए कि वह कोई महिला है। पुलिस अब इस मामले में अरबाज की मां की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है और उसे भी मुकदमे में सह-अभियुक्त बनाने की तैयारी में है।

गैंग के तीन शातिर सदस्य गिरफ्तार, ई-रिक्शा से होती थी रेकी
शनिवार को गिरोह के सरगना अरबाज खान को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को कोतवाली पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में राजघाट के तुर्कमानपुर का रहने वाला रियासत उर्फ इमरान और तिवारीपुर की जफर कॉलोनी का रहने वाला राशिद खान उर्फ पिद्दी शामिल हैं।
चोरी का मास्टर प्लान: जांच में सामने आया कि राशिद खान ई-रिक्शा चालक है। वह ई-रिक्शा से ही अरबाज और रियासत को चोरी वाली जगह तक पहुंचाता था और रेकी करने में मदद करता था। इसके बाद अरबाज और रियासत मिलकर शटर तोड़कर हाथ साफ करते थे।
इन वारदातों को दे चुके थे अंजाम
-
11 जून: जुबली कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में एक दुकान का शटर तोड़कर नकदी उड़ाई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सलवार-सूट पहने नजर आया था।
-
13 जून: खूनीपुर स्थित एक बिस्कुट और टॉफी की दुकान का शटर चटकाया।
-
13 जून की रात: खूनीपुर में ही एक अन्य दुकान का प्लाईवुड तोड़कर अंदर घुसे और कैश काउंटर से चांदी के सिक्के व नकदी पार कर दी।
नकद, मोबाइल और चांदी के सिक्के बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹22,000 नकद (अरबाज से पहले बरामद ₹27,000 के अतिरिक्त), 5 मोबाइल फोन, 9 सफेद धातु (चांदी) के सिक्के और एक चांदी का कछुआ बरामद किया है। आरोपियों ने शहर से कुल 17 मोबाइल फोन चोरी करने की बात कबूली है, जिनमें से 12 मोबाइल उन्होंने अलग-अलग फेरीवालों को बेच दिए थे। पुलिस अब चोरी का माल खरीदने वालों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।
