नमाज सिखाने के बहाने मस्जिद की छत पर 8 साल के बच्चे से कुकर्म, आरोपी गिरफ्तार
दानिलिम्दा इलाके की मस्जिद में दिल दहला देने वाली घटना, CCTV फुटेज के आधार पर 23 वर्षीय नोमान शेख पकड़ा गया, बच्चे की हालत गंभीर
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दानिलिम्दा इलाके की एक मस्जिद में नमाज सिखाने के बहाने 8 साल के मासूम बच्चे को छत पर ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया गया। आरोपी 23 वर्षीय नोमान शेख को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है।


घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। पीड़ित बच्चा जुमे की नमाज अदा करने मस्जिद गया था। इसी दौरान इलाके में रहने वाले नोमान शेख ने बच्चे से बातचीत की और उसे नमाज व अन्य धार्मिक बातें सिखाने का झांसा देकर मस्जिद की दूसरी मंजिल स्थित छत पर ले गया।
CCTV में कैद हुई दरिंदगी

परिजनों के मुताबिक जब बच्चा घर लौटा तो उसकी हालत असामान्य थी। पूछने पर उसने आपबीती बताई। इसके बाद परिवार मस्जिद पहुंचा और सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें आरोपी बच्चे को ऊपर ले जाते हुए दिखाई दिया। लगभग 20 मिनट बाद बच्चा भागता हुआ नीचे आता नजर आया, जबकि आरोपी उसके पीछे था।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती बच्चा
घटना की सूचना मिलते ही गायकवाड़ हवेली पुलिस हरकत में आई और आरोपी को पकड़ लिया गया। असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस वानी दूधहाट ने बताया कि बच्चे की हालत गंभीर है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
